ताज़ा ख़बरसाहित्य

जयति जय नटवर नवल किशोर राधिका प्रिय मोहन चितचोर…

पायनियर फार्महाउस पर सुकवि पुरुषोत्तम दास अग्रवाल स्मृति समारोह संपन्न।

ब्रज पत्रिका, आगरा। ताजनगरी आगरा में एक शताब्दी पूर्व जन्मे मौन साधक कवि पुरुषोत्तम दास अग्रवाल की 104वीं जयंती पर स्मृति समारोह का आयोजन सिकंदरा स्थित पायनियर फार्म हाउस पर संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुरुषोत्तम दास रचित संक्षिप्त रामकथा का संगीतमय मंचन एक संगीतमयी नाटक के रूप में किया गया। यशी उपाध्याय (श्रीराम), खुशी उपाध्याय (लक्ष्मण), अदिति (सीता), भूमि माथुर (सूत्रधार), चंद्रशेखर शर्मा (हनुमान) हरीश भदौरिया (रावण), डॉ. असीम आनंद (मेघनाथ) एवं सुधीर शर्मा (विभीषण) के अभिनय ने सभी को रस विभोर कर दिया। पार्श्व स्वर, संगीत परिकल्पना एवं निर्देशन सुशील सरित का था। संयुक्त निर्देशक थीं कु. पूजा तोमर। उनकी एक रचना “जयति जय नटवर नवल किशोर राधिका प्रिय मोहन चितचोर” को सस्वर प्रस्तुत किया कु. पूजा तोमर ने।

इस अवसर पर प्रेरणा तलेगांवकर, शुभ्रा तलेगांवकर, डॉ. एचपी सिंह, राशि गोयल आदि ने भी भजनों की प्रस्तुति दी। विजया तिवारी ने एक कविता का पाठ किया। डॉ. कमलेश नागर एवं डॉ. अनार सिंह ने पुरुषोत्तम दास जी के व्यक्तित्व और कृतित्व की चर्चा की और कहा कि उनकी रचनाएं देशकाल की परिधि से परे हैं।

मुख्य अतिथि अरुण डंग ने कहा कि,

“पुरुषोत्तम दास जी ने बच्चों के लिए जो लिखा उसको पढ़कर तो लगता है कि वह बच्चे हमारे आसपास ही हैं।”

एलडी अग्रवाल ने कहा कि,

“ऐसे मौन साधकों की रचनाओं का विस्तार से अध्ययन मनन और वाचन किया जाना चाहिए।”

अतिथियों का स्वागत राम कुमार अग्रवाल, रुचिर अग्रवाल और ऋचा ने किया। इस अवसर पर डॉ. रमेश आनंद, अशोक अश्रु, दुर्ग विजय सिंह दीप, विजय लक्ष्मी शर्मा, अर्चना, डॉ. संजीव आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। संचालन एवं संयोजन सुशील सरित ने किया और धन्यवाद ज्ञापित किया रामकुमार अग्रवाल ने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *