UA-204538979-1

भव्य सम्मान समारोह में ब्रज रत्न अवार्ड से नवाज़ी जाएंगी ब्रज की शख़्शियतें

आगरा, ब्रज पत्रिका
इन्क्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन द्वारा इस वर्ष भी ‘ब्रज रत्न अवार्ड’ समारोह का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को बृज रत्न अवार्ड के चौथे एडिशन की अधिकारिक घोषणा होटल होली-डे इन में उत्तराखंड की महामहिम राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने की। उदघोषणा समारोह का शुभारंभ उन्होंने दीप जला कर किया। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहर का केंद्र रही ब्रज भूमि में अनेकानेक ऐसी विभूतियां हैं जो ब्रज की सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण व संवर्धन के साथ-साथ कला, साहित्य, खेल, अभिनय आदि विधाओं के जरिये ब्रज क्षेत्र को गौरवान्वित कर रही हैं। ऐसी विभूतियों को दिए जाने वाला यह अवार्ड आने वाली पीढ़ी को बृज संस्क्रति के संरक्षण की प्रेरणा देगा।
उदघोषणा समारोह की मुख्य अतिथि उत्तराखंड की महामहिम राज्यपाल बेबीरानी मौर्य, विशिष्ट अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य निर्मला दीक्षित, इन्क्रेडिबल इंडिया फॉउंडेशन के संरक्षक अशोक कुमार जैन, सुरेश चंद गर्ग, पूर्व एमएलसी डॉ. अनुराग शुक्ला, डॉ. सुरेंद्र सिंह भगौर, राममोहन कपूर, मुकुल जैन आदि ने संयुक्त रूप से उदघोषणा समारोह का दीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया। इसके बाद मौजूद आयोजन समिति के सदस्यों और अतिथियों ने आयोजन को लेकर अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
इस मौके पर महासचिव अजय शर्मा ने कहा कि बृज रत्न अवार्ड की परिकल्पना पिछले चार साल पूर्व की गई थी। इसका उद्देश्य यही था कि ब्रज की ऐसी हस्तियां जिन्होंने ब्रज का नाम देश-विदेश में रोशन किया है, उनको ब्रज रत्न अवार्ड से सम्मानित किया जाए, वहीं संयोजक ब्रजेश शर्मा ने कहा कि ब्रज रत्न अवार्ड के विजेताओं के चयन के लिए बोर्ड ऑफ़ ज्यूरी और सलाहकार समिति का गठन किया है, जिनकी एक सयुंक्त बैठक में वोटिंग के द्वारा अवार्डियों का चयन किया जाएगा। इस पूरी बैठक में लगभग 60 से 70 सदस्यों की टीम रहेगी, जोकि ब्रज क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न क्षेत्रों के लोग हैं। एडीजी एडवोकेट अशोक चौबे ने कहा कि चयन की प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया गया है। वरिष्ठ रंगकर्मी एडवोकेट विनय पतसारिया ने बताया कि कला, साहित्य, फिल्म, खेल और चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों में कुल 12 अवार्डी चयन किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से एक प्रयास रहता है ब्रज की उन हस्तिओं के सम्मान का, जो आज के युवाओं के लिए आइडियल हैं। संस्था उपाध्यक्ष डॉ. आरएन शर्मा ने कहा कि प्रति वर्ष आयोजन की बढ़ती भव्यता हमें प्रोत्साहित करती हैं। हमें इस आयोजन को सफल बनाने में हर वर्ग विशेष का सहयोग प्राप्त है जो कि हमारे लिए गौरव की बात है। वहीं इस मौके पर संस्था के दिनेश बंसल कातिब और डॉ. अशोक शर्मा ने इस वर्ष अवार्ड के लिए नॉमिनेट हुई शख्सियतों को शुभकामनाएँ दीं। आयोजन समिति के रोहित जैन, राजेश मंगल, मोहित जैन ने बताया कि बृज रत्न अवार्ड 12 श्रेणियों में दिया जाता है। जिनमें आध्यात्म एवं दर्शनशास्त्र, साहित्य, संगीत अथवा गायन, कला, खेल, अभिनय, फिल्म निर्माण, फैशन डिजाइनिंग, नृत्य, चिकित्सा एवं ग्रेट अचीवर श्रेणी शामिल है। संस्थाध्यक्ष मधुसूदन भट्ट ने बताया कि ब्रज क्षेत्र से तालुल्क रखने वाली जिन बारह हस्तियों को यह अवार्ड दिया जाएगा उनमें कला, साहित्य, संगीत, खेल और चिकित्सा के अलावा फिल्म और टीवी जगत की नामचीन हस्तियां भी शामिल हैं। बृज रत्न अवार्ड 2019 की तैयारियां जोरों पर हैं,  27 दिसम्बर 2019  को होने जा रहे इस आयोजन के लिए मुख्य अतिथि और उद्घाटनकर्ता के तौर पर उत्तरप्रदेश की महामहिम राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, केंद्रीय सांस्कृतिक मंत्री भारत सरकार प्रह्लाद पटेल सहित सूबे के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को भी आमंत्रित किया गया है, इनकी शीघ्र अनुमति मिलने की उम्मीद है। आयोजन में जहां विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गज अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को गोरवान्वित करेंगे, वहीं राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त म्यूजिकल बैंड को आमंत्रित किया जा रहा है, जो ब्रज की थीम पर अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!