राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया ऐतिहासिक क्वीन एम्प्रेस मैरी लाइब्रेरी का लोकार्पण
तीन सौ वर्ष पुरानी पुस्तकों के संग्रह ने राज्यपाल को किया प्रभावित, युवाओं को पुस्तक संस्कृति से जुड़ने के लिए किया प्रेरित।
ब्रज पत्रिका, आगरा। सदर बाजार में स्वतंत्रता-पूर्व वर्ष 1900 में स्थापित ऐतिहासिक पुनर्विकास क्वीन एम्प्रेस मैरी लाइब्रेरी का बुधवार को लोकार्पण उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा किया गया। आगरा स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत पुनर्विकास हुई लाइब्रेरी के संचालन का जिम्मा संभाल रहे छावनी परिषद के निवर्तमान उपाध्यक्ष एवं पंकज स्कैनिंग एंड पैथोलॉजी रिसर्च सेंटर के निदेशक डॉ. पंकज महेन्द्रू तथा छावनी परिषद की निवर्तमान सदस्य डॉ. रेनू महेन्द्रू एवं महेन्द्रू परिवार के अन्य सदस्यों में शामिल अरुण महेन्द्रू, रेखा महेन्द्रू, डॉ. करन महेन्द्रू, डॉ. आकृति महेन्द्रू, डॉ. शिव महेन्द्रू और डॉ. सांची महेन्द्रू ने राज्यपाल के आगमन पर पुष्प गुच्छ एवं बच्चों की पुस्तकें भेंट कर उनका स्वागत किया।
इसके उपरांत महामहिम ने नव-निर्मित भवन की शिलापट्टिका का अनावरण और पुस्तकालय का रिबन खोलकर उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय मौजूद रहे। राज्यपाल ने लाइब्रेरी भ्रमण करते हुए भवन परिसर का गहन अवलोकन किया और पुस्तकालय में संरक्षित सन 1700 ई. की दुर्लभ पुस्तकों के संग्रह को देखा। महामहिम ने ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में पुस्तकालय के इस स्वरूप की सराहना करते हुए इसे युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बताया।
उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि,
“पुस्तकालय जैसे सांस्कृतिक स्थल बच्चों और महिलाओं में अध्ययनशीलता और बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करते हैं। ऐसे केंद्र समाज में सकारात्मक सोच और शिक्षित पीढ़ी के निर्माण में सहायक होते हैं।”
कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि,
“पुस्तकालयों का संरक्षण और आधुनिकीकरण उच्च शिक्षा को मजबूती देता है। ऐसे संस्थान शोध और ज्ञान के विस्तार के लिए आधार स्तंभ की भूमिका निभाते हैं।”
डॉ. पंकज महेन्द्रू ने इस अवसर पर कहा,
“मेरा सपना है कि यह ऐतिहासिक पुस्तकालय केवल एक भवन न रहे, बल्कि शिक्षा, शोध और साहित्य के मंदिर के रूप में प्रतिष्ठित हो। मेरी कामना है कि विदेशी पर्यटक भी यहां आकर भारत के इतिहास और ज्ञान परंपरा से रूबरू हों।”
इस अवसर पर कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रुप में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, छोटे लाल वर्मा, बाबूलाल चौधरी, समाजसेवी अभिनव मौर्य शामिल रहे।
जिला प्रशासन व सेना के आला अधिकारी रहे मौजूद
शिलान्यास समारोह में जिला प्रशासन के आला अधिकारियों में मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह (आईएएस) और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल (आईएएस) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में व्यवस्थाएं आगरा स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक अरुण कुमार, पुस्तकालय की लाइब्रेरियन अवंतिका, इन्क्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन के महासचिव अजय शर्मा, कन्वीनर बृजेश शर्मा ने संभालीं।