UA-204538979-1

श्री गोवर्धन महाराज, त्यारे माथे मुकुट बिराज रह्यो…

श्री कृष्ण लीला में भगवान कृष्ण जी ने किया इंद्र देव का किया मान मर्दन।

ब्रज पत्रिका, आगरा। श्री कृष्ण लीला में शनिवार को गोवर्धन लीला का मंचन किया गया, जिसमें श्री गोवर्धन महाराज के जयघोष गूंजते रहे। अन्नकूट का प्रसाद भी वितरित किया गया। वाटर वर्क्स स्थित गौशाला परिसर में शनिवार को अन्य दिनों की अपेक्षा काफी भीड़ थी। सभी ने गोवर्धन महाराज की लीला का मंचन देखा और भरपूर आनंद उठाया। श्री राम शर्मा (निमाई) वृंदावन वालों के निर्देशन में कलाकारों ने बहुत शानदार और मनमोहक मंचन किया।

इस लीला मंचन में दिखाया गया कि द्वापर युग में हर वर्ष बृज में इंद्र महाराज की पूजा होती थी, लेकिन कन्हैया ने कहा कि इंद्र महाराज की नहीं, बल्कि गोवर्धन महाराज की पूजा की जाएगी। एक बार तो बृजवासियों ने कन्हैया की बात का विरोध किया, लेकिन बाद में सबने कन्हैया की बात मानी और गायों तथा गायों से प्राप्त द्रव्यों की पूजा की। इस पर इंद्र क्रोधित हो उठे और उन्होंने वृंदावन क्षेत्र में घनघोर वर्षा की। इस पर श्री कृष्ण जी ने इंद्र के घमंड को चूर करते हुए अपनी अंगुली से ही ब्रजवासियों के सहयोग से गोवर्धन पर्वत को उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा करने के साथ-साथ गो वंश की भी रक्षा की।

लीला के माध्यम से दिखाया गया कि किस प्रकार इंद्र का मान-मर्दन करने के लिए भगवान श्री कृष्ण जी ने गोवर्धन लीला की। जिसका सभी दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया। लीला के बाद गोबर से बनी 15 फुट की गोवर्धन प्रतिमा का पूजन भी श्रद्धालुओं ने किया। खील, बताशे और अन्नकूट का भोग लगाया। गोवर्धन महाराज की प्रतिमा की परिक्रमा भी लगाई। श्री गोवर्धन महाराज, त्यारे माथे मुकुट बिराज रह्यो, गिर्राध धरण हम तेरी शरण आदि लोकगीतों के स्वर भी बिखरे। गोवर्धन महाराज जी के जयघोष से आयोजन स्थल गूंज उठा।

मुख्य अतिथि प्रमुख समाजसेवी व अशोक ऑटो सेल्स की मैनेजिंग डायरेक्टर डा. रंजना बंसल, प्रमुख समाजसेवी बीपी आयल मिल के भरत भाई थे। आरती उतारने वालों में कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष मदन गर्ग, महामंत्री विजय रोहतगी, कोषाध्यक्ष संजय गर्ग, संजय गोयल चेली भाई, विष्णु अग्रवाल, केके अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, मनोज बंसल, मुरारीलाल गोयल पेंट वाले, पीके मोदी, कैलाशचंद अग्रवाल, शेखर गोयल, एसपी सिंह, डीके चौधरी, राजेश अग्रवाल आदि प्रमुख थे।

श्री कृष्ण लीला में फूलों की होली व दीपोत्सव होगा आज

श्री कृष्ण लीला में रविवार को फूलों की होली होगी। दीपोत्सव मनाया जाएगा। तांडव नृत्य भी प्रमुख आकर्षण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!