UA-204538979-1

वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. उषा यादव हुईं सम्मानित, ‘सुधी शिक्षक सम्मान-2021’ हिमानी बुंदेला को, ‘साहित्य साधिका सम्मान’ मिथिलेश दीक्षित को मिला

ब्रज पत्रिका, आगरा। साहित्य साधिका समिति, आगरा का हिंदी दिवस एवं शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में साहित्यिक समारोह रविवार को यूथ हॉस्टल, संजय पैलेस में आयोजित किया गया, जिसमें ‘साहित्य साधिका सम्मान -2021′ डॉ. मिथिलेश दीक्षित को प्रदान किया गया, जिन्होंने पचास से अधिक पुस्तकों का सृजन तथा संपादन किया है।

‘सुधी शिक्षक सम्मान-2021’ हिमानी बुंदेला (केंद्रीय विद्यालय में शिक्षिका तथा ‘कौन बनेगा करोड़पति -गेम शो’में एक करोड़ की विजेता) को प्रदान किया गया। साथ ही इस वर्ष राष्ट्रीय सम्मान ‘पद्मश्री ‘से सम्मानित नगर की प्रख्यात साहित्यकार और समिति की संरक्षक डॉ. उषा यादव को सम्मानित कर समिति गौरवान्वित हुई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शांति नागर ने की । मुख्य अतिथि महिला आयोग की पूर्व कुलसचिव राजेन्द्री वर्मा रहीं। दीप प्रज्वलन के समय डॉ. मिथिलेश के साथ सभी ने दीप ज्योति मंत्र बोला और सरस्वती वंदना को संगीता अग्रवाल ने स्वर प्रदान किये ।

डॉ. सुषमा सिंह ने समिति के उद्देश्यों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। रमा वर्मा ‘श्याम’ ने शब्द-सुमनों से अभ्यागतों का स्वागत किया। डॉ. पुनीता पचौरी ने आज की परिस्थितियों में शिक्षकों की बदली हुई भूमिका और उन्हें प्राप्त चुनौतियों की चर्चा की।

डॉ. गीता यादवेन्दु ने हिन्दी भाषा की दशा और दिशा पर विचार व्यक्त किये। प्रसिद्ध ग़ज़लकार अशोक रावत ने गज़ल की लोकप्रियता को रेखांकित किया। सावित्री राठौर और ज्योत्स्ना सिंह ने काव्य पाठ में हिन्दी का गुणगान किया।

कविवर अंगद धारिया ने अपनी कविता द्वारा शिक्षक की महत्ता को प्रतिपादित किया। डॉ. मिथिलेश दीक्षित ने अपनी उपलब्धियों का श्रेय अपने पिता और जीवन के संघर्षों को दिया। अपने पिता की साहित्य सृजन परम्परा को तीसरी पीढ़ी तक ले जाने वाली डॉ. उषा यादव ने अपनी अध्ययनशीलता और परिवार के साहित्यिक वातावरण को अपनी उपलब्धियों का श्रेय प्रदान किया। राजेन्द्री वर्मा ने समिति की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए अपनी शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।

अध्यक्षीय वक़्तव्य में शांति नागर ने कहा कि,

“मैं प्रारम्भ से ही समिति से जुड़ी हुई हूँ और इसकी प्रगति, निरंतर बढ़ती हुई साहित्य साधिकाओं की संख्या और वार्षिकी में प्रकाशित रचनाओं का स्तर देखकर मैं बहुत प्रसन्न हूँ और इसके उज्ज्वल भविष्य के प्रति आशान्वित और आश्वस्त हूँ।”

सचिव यशोधरा यादव के कुशल संचालन में उपाध्यक्ष डॉ. प्रभा गुप्ता के धन्यवाद ज्ञापन किया। सभी साहित्य साधिकाओं के साथ-साथ नगर के गणमान्य साहित्यकारों ने भी कार्यक्रम की शोभा में अभिवृद्धि की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!