संस्कृति

श्री अरविंद शिक्षण संस्थान में होटल गोवर्धन ने किया ‘राष्ट्रभक्ति में गीत संगीत’ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

साहित्यकार विश्वेश्वर दयाल अग्रवाल के गीतों पर सुर, स्वर, संगीत और नृत्य प्रस्तुति ने किया मंत्रमुग्ध, महर्षि अरविंदो को भी किया याद।

ब्रज पत्रिका, आगरा। राष्ट्रभक्ति में गीत-संगीत का अहम् योगदान रहा है। आजादी के पहले से लेकर वर्तमान तक गीत-संगीत हर वर्ग में राष्ट्र के प्रति जोश पैदा करने के साथ जिम्मेदारी का अहसास कराता रहता है। उक्त उद्गार देहलीगेट स्थित होटल गोवर्धन में श्री अरविंद शिक्षण संस्थान द्वारा आयोजित ‘राष्ट्रभक्ति में गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम’ के दौरान अतिथियों द्वारा व्यक्त किए गए।

इस मौके पर साहित्यकार, कवि एवं विचारक रहे विश्वेश्वर दयाल अग्रवाल द्वारा रचित राष्ट्रभक्ति के गीतों पर कलाकारों ने सूर, स्वर, संगीत और नृत्य की अनूठी प्रस्तुतियों से सबको भाव विभोर कर दिया। गीतों के ये बोल सीधे दिल में उतर गए- सत्य धर्म चमको भारत में…। पूरब-पश्चिम, उत्तर-दक्षिण, सभी दिशाओं के लोग जागो…। जातिवाद को छोड़ो यार…। उठ जाग जवानी भारत की…। डम-डम बाजे डमरू काल का…। बेरोजगारी की समस्या पर गीत- ‘डूबी जाए नाव जवानी’ ने चेतना के तार झंकृत कर दिये।

भारतीय संगीतालय के कलाकारों ने गुरु वंदना और श्री दुर्गे महारानी आदि भजनों की सुमधुर प्रस्तुति ने इसमें चार चांद लगा दिए। प्रसिद्ध वायलन वादक एसडी श्रीवास्तव ने वंदे मातरम् समेत अन्य धुनों पर लोगों का मन मोह लिया।

श्री अरविंदो को किया याद

इस मौके पर महान स्वतंत्रता सेनानी व लेखक महर्षि अरविंदो का जन्म दिवस भी मनाया गया। अतिथियों ने उनके चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित किया और उनके स्वाधीनता आंदोलन में किए गए योगदान का उल्लेख किया।

वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राजेंद्र मिलन ने कहा कि,

“महर्षि अरविंदो सच्चे क्रांतिकारी और महान विचारक थे। उन्होंने योग से आध्यात्मिक चेतना का जागरण किया।”

संस्था की सचिव पवित्रा अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया। संचालन सुशील सरित ने किया। इस मौके पर सुनीता गर्ग, अशोक अश्रु, मधु भारद्वाज, हरिमोहन सिंह कोठिया, संजय गुप्त, रेखा कक्कड़, प्रतिभा तलेगांवकर, अलका अग्रवाल, हरीश चिमटी, चंद्रशेखर शर्मा, असीम आनंद, शरद यादव, अनीता गौतम, कुमार ललित, विजय कुमार अग्रवाल, संजय कुमार अग्रवाल, अजय कुमार अग्रवाल, रीना अग्रवाल, शानू अग्रवाल, अंबुज अग्रवाल, बीना शर्मा, विनीता दिवाकर, अनिल अग्रवाल और नवीन अग्रवाल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *