हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब ने बीजेपी जॉइन की, दिखाई पॉलिटिकल स्टाइल
आगरा। मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब के बीजेपी जॉइन करने से अच्छा संदेश जाएगा। बेशक़ एक यादगार मुलाक़ात हुई थी मेरी कुछ वर्ष पूर्व आगरा आगमन पर हबीब से। हाल ही में जावेद हबीब के भारतीय जनता पार्टी जॉइन करने का देश में कहीं स्वागत तो कहीं विरोध हो रहा है। कुछ लोग उनको लेकर मजाक तक बना रहे हैं। वे कह रहे हैं जावेद का बीजेपी में शामिल होना हास्यास्पद है। बेशक़ जावेद हबीब अपनी इंडस्ट्री के बादशाह के तौर पर जाने जाते हैं। पूरे देश में उनका नाम एक ब्रांड है, उनके नाम से देश भर में सैलून चल रहे हैं। जावेद के मुसलमान होते हुए भारतीय जनता पार्टी को जॉइन करने का फैसला इस वजह से भी कुछ अलग और महत्वपूर्ण है कि भारतीय जनता पार्टी को केवल हिंदुओं की पार्टी कहकर कुछ राजनीतिज्ञ प्रचारित करते रहे हैं। जावेद ने इस मिथक को भी तोड़ा है कि भारतीय जनता पार्टी एक धर्म विशेष के लोगों की पार्टी है। बेशक़ वो एक अलग विचारधारा की पोषक पार्टी है। जावेद ने भी हाल ही में पार्टी जॉइन करने के बाद मीडिया से कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व कौशल को देश के लिए हितकारी मानते हुए और पार्टी की मूल राष्ट्रवादी विचारधारा को ही समझते हुए बीजेपी जॉइन की है। निश्चित रूप से इससे एक अच्छा संदेश समाज में जायेगा। ज्ञात रहे कि जावेद बेहद सुलझे हुए इंसान हैं। सेलेब्रिटीज़ के बीच अपनी अलहदा पहचान रखने वाले जावेद पेज थ्री पार्टियों की जान रहे हैं। नाई के नाम से पुकारे जाने वाले प्रोफेशनल्स को एक नई पहचान देने वाले जावेद हबीब ने नाई के पेशे को वो ऊंचाइयां दी हैं जिनके लिए वे हमेशा इस प्रोफेशनल्स की कम्युनिटी में याद किये जायेंगे। उम्मीद है कि उनके राजनीति में आने से इस नाई समुदाय के लोगों की समस्या को सरकार के स्तर तक उठाया जा सकेगा।