केंद्रीय हिंदी शिक्षण मंडल के उपाध्यक्ष बने अनिल कुमार शर्मा, साहित्यिक दुनिया में अनिल जोशी नाम से मशहूर
ब्रज पत्रिका, आगरा। वरिष्ठ साहित्यकार अनिल कुमार शर्मा (साहित्यिक नाम अनिल जोशी) को मानव संसाधन विकास मंत्रालय, भारत सरकार ने केंद्रीय हिंदी शिक्षण मंडल का नया उपाध्यक्ष नामित किया है। मंडल के पदेन अध्यक्ष केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री होते हैं, जो इस वक़्त रमेश चंद्र पोखरियाल ‘निशंक’ हैं।
अनिल कुमार शर्मा गृह मंत्रालय और तदुपरांत भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के उच्चाधिकारी के रूप में विश्व के विभिन्न देशों में सेवारत रह चुके हैं। करीबन नौ वर्षों तक ब्रिटेन एवं फिजी में राजनयिक के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और विकास के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धियां हासिल कीं। भारतीय राजनय एवं विदेश नीति के अधिकारी विद्वान और प्रवासी साहित्य के गम्भीर अध्येता के रूप में भी उनकी एक पहचान सुस्थापित है। हिंदी अनुवाद, निबंध, लेख, नाटक, कविता समीक्षा, ब्लॉग लेखन आदि क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। अनिल शर्मा ने केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो, राजभाषा विभाग आदि संस्थाओं में भी महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। ‘मोर्चे पर’, ‘नींद कहां है’ और ‘धरती एक पुल’ (संपादन-ब्रिटेन के कवियों का संकलन) उनके चर्चित कविता संग्रह हैं। साथ ही उनकी सद्य-प्रकाशित पुस्तकें-‘प्रवासी लेखन : नयी जमीन, नया आसमान’ प्रवासी साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कृति हैं।
अनिल कुमार शर्मा के उपाध्यक्ष बनने से पहले उपाध्यक्ष के इस पद पर देश के वरिष्ठ साहित्यकार नंद किशोर गोयनका थे।