भव्य फैशन शो, नृत्य संगीतमयी कार्यक्रमों संग मनाया संयुक्त राष्ट्र दिवस
होटल ग्राण्ड में कलाकारों ने नृत्य-संगीतमयी शाम में भरे सांस्कृतिक रंग।
ब्रज पत्रिका, आगरा। संयुक्त राष्ट्र दिवस के उपलक्ष्य में मित्र सोसाइटी द्वारा होटल ग्राण्ड में मित्र महोत्सव-2021 का आयोजन किया गया। उदघाटन केंद्रीय हिंदी संस्थान के कुलसचिव डॉ. चंद्रकांत त्रिपाठी, संगीत नाटक अकादमी के सदस्य रंजीत सामा और संस्कृतिकर्मी अरुण डंग ने ग्लोब पर माल्यार्पण करके और दीप प्रज्ज्वलित करके संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर डॉ. खेम चंद्र धाकड़, डॉ. आशीष त्रिपाठी ने अपने स्वरों से कार्यक्रम को संगीतमयी बनाया। स्वागत भाषण अध्यक्ष डॉ. महेश धाकड़ ने दिया।
कार्यक्रम में आईआईए संस्थान द्वारा प्रस्तुत फैशन शो ने सबको आकर्षित किया। निदेशक विनीत बवानिया के निर्देशन में डिज़ाइनरों ने तीन सीक्वेंस प्रस्तुत किए। युवा डिज़ाइनर राहुल गोला ने अपने कलेक्शन के तीन सीक्वेंस प्रस्तुत किए।
राहुल ने पहला सीक्वेंस वेडिंग कलेक्शन का प्रस्तुत किया। आईआईए के डिज़ाइनरों ने पीच और ब्लू कलर्स में अपने कलेक्शन पेश किए। कोरियोग्राफर सारा मून थीं। मेकअप आर्टिस्ट पारुल विकास यादव ने मॉडल्स का मेकअप किया। मॉडल्स में नंदिनी शर्मा, प्रांजल गुप्ता, श्वेता चौधरी, आरती तोमर, काजल जैन कृति मिश्रा शामिल थीं।
स्वर संगम कला केंद्र के कलाकारों ने विजय लक्ष्मी शर्मा के निर्देशन में नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां दीं। इस कार्यक्रम में लोक नृत्यांगना भुवनेश धाकड़ ने घड़ा नृत्य प्रस्तुत किया। पूजा तोमर ने बॉलीवुड के नग़मे पेश किए। अनामिका मिश्रा ने भी अपने सुर बिखेरे।
अतिथियों में सुधीर नारायण, हिंदुस्तान कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. राजीव उपाध्याय, केंद्रीय हिंदी संस्थान के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक डॉ. भरत सिंह पमार, समाजसेवी रजनीश त्यागी, गौरी शंकर, सत्य प्रकाश शुक्ला, फ़िल्म निर्माता अनिल भारद्वाज, विनय भारद्वाज, अजय शर्मा, ब्रजेश शर्मा, राजीव खन्ना, सुबोध गोयल, सूरज तिवारी, शैलेश सक्सेना, विक्रम शुक्ला, संजय दुबे, उमा शंकर मिश्र आदि शामिल थे। कार्यक्रम में राजीव सिंघल, एसके जैन का भी विशेष सहयोग रहा। संचालन अंशिका सोनी ने किया।