UA-204538979-1

नदगवां-अटेर और पिनाहट के पुलों से भिंड-मुरैना से जुड़ेंगे रिश्तेदारी-कारोबारी नाते-राजा अरिदमन सिंह

ब्रज पत्रिका, आगरा। आजकल नदगवां-अटेर और पिनाहट पर जनहित में कई वर्षों से प्रतीक्षित पुलों का निर्माण कार्य मध्य प्रदेश सरकार के सहयोग से तेजी से जारी है। इस कार्य की भूमिका लिखने वाले पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता राजा अरिदमन सिंह ने मध्य प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का आभार और धन्यवाद व्यक्त करते हुए एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि इन पुलों के निर्माण से एक ओर जहां बाह विधानसभा भिंड से जुड़ेगी वहीं पिनाहट विधानसभा मुरैना से जुड़ सकेगी।

इससे दोनों तरफ की जनता के बीच रिश्तेदारी और कारोबारी नाते सुविधाजनक हो सकेंगे। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार में हाल ही में मंत्री बने अरविंद सिंह भदौरिया का भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने इन पुलों के लिए अपनी भूमिका अदा की।

राजा अरिदमन सिंह ने बताया कि सेंचुरी एरिया में पुलों के निर्माण का यह कार्य आसान नहीं था। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अनापत्ति प्रमाण पत्र जाना था।  उस संबंध में मैंने कैबिनेट मंत्री के रूप में तत्कालीन प्रमुख सचिव वन श्री गर्ग और तत्कालीन डीएफओ श्री बनर्जी की सहायता से उत्तर प्रदेश वाइल्ड लाइफ बोर्ड से इस प्रोजेक्ट को स्वीकृति करवाया। यहां से प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया। वहां केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर जी ने वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से इसको स्वीकृति दिलवाई।

राजा अरिदमन सिंह ने स्पष्ट किया कि इससे पूर्व वे जिला भिंड से विधायक रहे अरविंद सिंह भदौरिया के साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से व्यक्तिगत रूप से मिले थे। उस समय सदन चल रहा था फिर भी मुख्यमंत्री सदन छोड़कर उनसे मिले। तब उन्होंने उन्हें लिखित व मौखिक रूप से पुल बनाने का प्रस्ताव दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।

राजा अरिदमन सिंह ने बताया कि अब चंबल एक्सप्रेस वे भी निर्माणाधीन है। इन पुलों के माध्यम से चंबल एक्सप्रेस वे से भी बाह क्षेत्र जुड़ सकेगा। राजा अरिदमन सिंह ने नरेंद्र सिंह तोमर का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री तोमर ने प्रदेश अध्यक्ष, सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में इन पुलों के निर्माण हेतु परियोजना को स्वीकृत कराने व बजट आवंटित कराने में अपनी विशेष भूमिका का निर्वाह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!