UA-204538979-1

…और सदी के महानायक का खामोशी के साथ झुक गया सिर!

ब्रज पत्रिका। बॉलीवुड और राजनीति दोनों ही क्षेत्रों में अच्छा खासा दखल और दबदबा रखने वाले अमर सिंह के जाने पर यूँ तो तमाम सिर झुके हैं मगर इनमें से एक बिल्कुल ख़ास है। राजनेता अमर सिंह का जाना यूँ तो उनके चाहने वालों के लिए एक बज्रपात के समान है, मगर कुछ लोगों के लिए अपूर्णीय क्षति है। इन्हीं में नाम आता है, मिलेनियम स्टार अमिताभ बच्चन का। जिनके अमर सिंह कभी बेहद अज़ीज मित्र हुआ करते थे। उनके निधन की खबर के बाद अमिताभ बच्चन खामोश हो गए, जो अक्सर सोशल मीडिया पर टीका-टिप्पणियों से सक्रिय रहते थे। उन्होंने ख़ामोशी ओड़ ली। एक फोटो डाली सिर झुकाए हुए जो बहुत कुछ कहती है।

हालांकि उनकी ख़ामोशी से सिर झुकाए हुए, इस फोटो के साथ उन्होंने कुछ भी लिखा नहीं है, मगर फिर भी लोग सहज ही समझ गए। उनके चाहने वालों ने उन्हें मित्र के निधन पर धीरज रखने के लिए भी कहा है। अमिताभ बच्चन के परिवार के बेहद करीबी माने जाते थे। जब भी मुंबई में होते थे तो वह उनके निवास पर ही पारिवारिक अतिथि के रूप में रुकते थे।

अमिताभ बच्चन की धर्मपत्नी जया भादुड़ी बच्चन सहित उनके सुपुत्र अभिषेक बच्चन, पुत्रवधु ऐश्वर्या रॉय बच्चन भी उनको वही इज्ज़त बख्शते थे जो एक पारिवारिक सदस्य को दी जानी चाहिए। मुझे खुद खूब याद है जब ताजनगरी आगरा में अमिताभ बच्चन आये थे तो उनके मित्र अमर सिंह इसी हैसियत में दिखाई दे रहे थे।

होटल अमर विलास में वे सभी लोग ठहरे थे। ऐश्वर्या रॉय बच्चन का शादी के बाद पहला जन्मदिन था और अभिषेक आगरा में थे, एक फ़िल्म की शूटिंग के सिलसिले में, तो परिवार ने आगरा में ही ये जन्मदिन मनाने का फैसला लिया था, जो होटल में मनाया भी गया था।

निःसंदेह अमिताभ बच्चन को अमर सिंह अब याद आ रहे होंगे, उनके इस ज़हां से रुख़सत कर जाने के बाद, क्योंकि ठीक ही तो कहा जाता है कि जाने के बाद इंसान की अच्छाइयाँ लोगों को बरबस ही याद आने लगती हैं। इसमें भी कोई संदेह नहीं कि अमर सिंह की प्रकृति ही कुछ ऐसी थी, वे यारों के यार कहलाते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!