UA-204538979-1

राज्यसभा सांसद अमर सिंह के सिंगापुर में निधन बाद राजनीति, फ़िल्म और उद्योग जगत में शोक व्याप्त

ब्रज पत्रिका। राजनीतिक क्षेत्र में अपनी बेबाक बयानी के लिए मशहूर रहे और कई दिग्गज़ हस्तियों के लिए संकट मोचक की भूमिका निभा चुके, राज्यसभा सांसद अमर सिंह का 64 वर्ष की आयु में शनिवार एक अगस्त को सिंगापुर के एक अस्पताल में निधन हो गया। अमर सिंह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। वर्ष 2013 में किडनी खराब होने के बाद से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था। 27 जनवरी सन 1956 में आजमगढ़ में जन्मे अमर सिंह कई राजनीतिक पार्टियों से जुड़कर राजनीति के मैदान में सक्रिय रहे थे। मुलायम सिंह से खासतौर से उनकी बेहद करीबी रही। सपा से वह लंबे समय तक जुड़कर राष्ट्रीय राजनीति में मुखर आवाज़ बने रहे। मगर छह जनवरी 2010 को सपा से कुछेक मतभेदों के बाद उन्होंने सपा से इस्तीफा दे दिया था। कुछ वक्त खामोश रहने के बाद वह फिर से राजनीति में सक्रिय हुए थे।

अमर सिंह बॉलीवुड में भी विभिन्न फ़िल्मी हस्तियों के बेहद क़रीबी रहे हैं। जिनमें मिलेनियम स्टार अमिताभ बच्चन और जयाप्रदा प्रमुख रूप से शामिल हैं। ताजनगरी, आगरा से भी अमर सिंह का गहरा रिश्ता रहा है। वर्ष 2014 में रालोद की टिकट पर आगरा के फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर जब वह चुनाव लड़े थे, उस दौरान भी अमर सिंह ने आगरा में नामचीन फ़िल्मी सितारों को अपने प्रचार में उतारा था। इनमें जयाप्रदा के साथ-साथ ज़ीनत अमान, डिंपल कपाड़िया उनके समर्थन में प्रचार के लिए आयीं थीं। चरित्र अभिनेता रज़ा मुराद भी उनके प्रचार के लिए आये थे। इसके अलावा जब अमिताभ बच्चन आगरा में फ़िल्म ‘बंटी और बबली’ की शूटिंग के लिए आये थे उस वक़्त भी अमर सिंह उनके साथ में आये। ऐश्वर्या रॉय का जब जन्मदिन बच्चन परिवार ने आगरा में मनाया तब भी अमर सिंह बच्चन परिवार के साथ में ही थे।

सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स के जरिये वरिष्ठ राजनेता अमर सिंह के निधन की दुःखद ख़बर मिलने के बाद राजनीति और मनोरंजन जगत में शोक की लहर व्याप्त हो गई। सोशल मीडिया के जरिये ही उनके चाहने वाले लोगों ने उनको अपनी श्रद्धाजंलि देने का सिलसिला शुरू कर दिया। देश के राष्ट्रपति एवं उप राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। बॉलीवुड, उद्योग जगत सहित विभिन्न क्षेत्रों की तमाम नामचीन हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!