UA-204538979-1

‘बॉबी’ से लेकर ‘सागर’ तक तमाम हिट फिल्मों से सिने प्रेमियों के दिल-ओ-दिमाग पर छाई रहीं डिम्पल कपाड़िया

ब्रज पत्रिका, आगरा। बॉबी फ़िल्म फेम हिंदी सिनेमा की लोकप्रिय अदाकारा डिम्पल कपाड़िया का आज आठ जून को जन्मदिन है। डिम्पल कपाड़िया से मेरी मुलाक़ात उस वक़्त हुई, जब वह फतेहपुर सीकरी में अमर सिंह के चुनाव प्रचार के लिए पधारीं थीं। आगरा के होटल होली-डे इन में वह ठहरीं थीं वहीं उनसे एक यादगार इंटरव्यू लेने का सुअवसर मुझे मिला।

आठ जून वर्ष 1957 में गुजराती उद्यमी चुन्नीभाई कपाड़िया और बैटी के परिवार में मुम्बई के सांता क्रूज़ में जन्मी डिंपल कपाड़िया हिन्दी फ़िल्मों की एक उम्दा अदाकारा हैं। वे पहली बार उस वक़्त लाइम लाइट में आयीं, जब उन्हें वर्ष 1973 में हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री के शो मैन कहे जाने वाले राज कपूर ने उन्हें महज़ 16 वर्ष की उम्र में अपनी सुपर हिट फिल्म बॉबी में मुख्य भूमिका में प्रस्तुत किया। इस फिल्म में राज कपूर के बेटे ऋषि कपूर की भी पहली प्रमुख भूमिका थी, डिम्पल को गोआ की मध्यमवर्गीय ईसाई लड़की बॉबी ब्रागांज़ा की शीर्षक भूमिका में पेश किया गया। बॉबी फ़िल्म के हिट होते ही फ़िल्म की किशोरवय पात्र बॉबी भी लोगों के दिल-ओ-दिमाग़ पर छा गयी। मगर इसी साल फ़िल्म रिलीज़ से पहले उन्होंने सुपर स्टार राजेश खन्ना से शादी कर फ़िल्म इंडस्ट्री से संन्यास ले लिया। करीब एक दशक पश्चात वैवाहिक जिंदगी में उथल-पुथल के चलते पति राजेश खन्ना से अलग हो गयीं। वे दो बेटियों की माँ हैं। एक फ़िल्म अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना, जिन्होंने अक्षय कुमार से शादी बाद फिल्मों को अलविदा कह दिया। दूसरी बेटी रिंकी खन्ना हैं। राजेश से अलग होने के बाद, डिम्पल ने वर्ष 1984 में फिल्म उद्योग में शानदार वापसी की। उनकी दूसरी पारी में सबसे पहली फिल्म ज़ख्मी शेर (1984) रही। सन 1985 में उनकी फ़िल्म सागर आयी। सागर को उस वर्ष के लिये ऑस्कर में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया। पहली पारी की सुपर हिट फिल्म बॉबी और दूसरी पारी की सुपर हिट फिल्म सागर दोनों ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्म फेयर पुरस्कार दिलाया। फ़िल्म क्रान्तिवीर के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का फ़िल्म फ़ेयर पुरस्कार, फ़िल्म रुदाली के लिए राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार और फ़िल्म फ़ेयर पुरस्कार मिला। अस्सी के दशक में वह हिन्दी सिनेमा की अग्रणी अभिनेत्रियों में शुमार रहीं। अगले दशक तक वह श्रीदेवी, माधुरी दीक्षित, मीनाक्षी शेषाद्री और जया प्रदा के साथ बॉलीवुड की शीर्ष पाँच व्यावसायिक सफल अभिनेत्रियों में से एक बन गईं थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!