फ़ैशन के रंगों से गुलज़ार हुई एक शाम, कर गई आनंद विभोर
आगरा, ब्रज पत्रिका
ताजनगरी आगरा में पहली बार एक अनूठी फैशन के रंगों से गुलज़ार हुई शाम, जब होटल हॉवर्ड प्लाज़ा में ग्यारह अक्टूबर को औंशौंते-2019 (enchanté-2019) का आयोजन किया गया। जिसमें आगरा की जानी-मानी डिज़ाइनर और अक्स (Akks) की स्वामिनी मैंडी रल्लन ने अपने डिज़ाइनर परिधानों को प्रदर्शित किया।
आगरा की फैशन फेटर्निटी को पिछले नौ साल से हर साल कुछ न कुछ नया फैशन मार्केट को दे रही मैंडी ने इस दफ़ा भी बिल्कुल ही अलहदा फ़ैशन शो प्रस्तुत किया। फ़ैशन शो होटल की टेरेस पर प्रस्तुत किया गया। जिसमें कभी मॉडल्स सीढ़ियों से चढ़ते हुए अगली मंज़िल पर बने कॉरिडोर में कैटवॉक करते दिखते, तो कभी सीढ़ियों से उतर कर निचली मंज़िल पर स्थित कॉरिडोर में कैटवॉक करते हुए दिखते थे। दो मंजिला टेरेस पर ये फ़ैशन के रंगों से सराबोर शाम दिलकश अंदाज़ में सजी हुई थी। इस फ़ैशन नाईट में शहर के ख़ास वर्ग की स्वनामधन्य शख्शियतों ने शिरक़त की। इस शो के विभिन्न सीक्वेंस के बीच में गायकों और वादकों ने अपने सुरों से समां बांधकर चार चाँद लगा दिए। इस भव्य फैशन शो की निर्देशक शिवांगी पचौरी ने बहुत ही वैभवपूर्ण तरीके से इसको पेश किया। इस अनूठे फ़ैशन शो की एंकरिंग पूर्व मिस केरल रंजिनी मेनन चतुर्वेदी ने बड़े ही शानदार तरीके से खूबसूरत शब्दों में इसकी छटा को बयां करते हुए की। इसमें 16 मॉडल्स ने पाँच राउंड्स में 48 परिधानों को प्रदर्शित किया। इनमें छह मॉडल्स आगरा के भी थे। इनमें मिस यूपी-2009 सारा मून, कोहिनूर-ए-ताज़ दिव्यांशी भदौरिया, कीर्ति, अजय जेसवानी, पीयूष वाधवानी आदि शामिल रहे। वहीं इस फैशन परेड में 10 मॉडल्स दिल्ली से कैटवॉक करने आये थे। अक्स ने अपने महिलाओं के कपड़ों के ब्राण्ड फेम तथा पुरुषों के कपड़ों के ब्राण्ड अल्फ़ा के कलेक्शन को इसमें ज़ुदा अंदाज़ में प्रदर्शित किया। पहला राउण्ड वोग ( vouge) था। द्वितीय राउंड फ़िरते ( fierte), तृतीय राउंड लुमिएरे लाइट ( lumiere-Light) और चतुर्थ राउंड औरोरा द डौन ( Aurora-the dawn) रहा। चतुर्थ राउंड मे अक्स बाई मैंडी ने अपने अक्स ब्राइड और अक्स ग्रूम द्वारा अपना ब्राइडलवियर कलेक्शन लांच किया। इसमें शो-स्टॉपर पूजा भसीन ने भारी-भरकम ब्राइडल लहँगा पहना था जो कि पिंक और मिंट ग्रीन कलर का नवीन संयोजन था। पूरे लहँगे पर हाथ का काम तथा दुप्पटे में लंबे-लंबे बीड्स की लड़ियों को लगाया गया था। अल्फ़ा के शो-स्टॉपर सम्राट ने मिंट ग्रीन शेरवानी पहनी जो कि हैंड्क्रैफ़्टेड थी। पूरे शो के आयोजन में टीम अक्स की शालिनी सिंह और निधि शर्मा की मेहनत हर परिधान में दिखाई दे रही थी। साथ ही क्लाइंट डायरीज में अक्स अल्फ़ा और अक्स फेम के परिधानों को बखूबी अक्स के क्लाइंट्स ने प्रदर्शित किया, जिसके शो-स्टॉपर आयरन मैन इटली-2019 के विनर रिदम गर्ग और डॉ. पायल सेठ थीं, जो मिसेज इंडिया क्वीन ऑफ सब्सटेंस-2019 खिताब विजेता हैं। इस राउंड द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट के प्रति जागरूकता बढ़ाने की कोशिश की गई। शो की समाप्ति के बाद मॉडल्स, आयोजकों और दर्शकों के संवाद के दरमियान सेल्फ़ी सेशन भी बख़ूबी चला। इस शो के स्टाइलिस्ट एवं मेकअप पार्टनर एम्पायर सैलून के शादाब अहमद थे। इवेंट पार्टनर ईवेंट्रिक इवेंट्स की शिखा जैन, वेन्यू पार्टनर होटल हॉवर्ड प्लाज़ा द फ़र्न रहा।