ब्रज रत्न अवार्ड पाकर और चमके ब्रज के विभिन्न विधाओं के सितारे
– केंद्रीय राज्यमंत्री और मुख्य सचिव ने 10 विभूतियों को किया ब्रज रत्न अवार्ड से अलंकृत।
– केएनसीसी कन्वेंशन सेंटर में इनक्रेडेबिल इंडिया फाउंडेशन के समारोह में हुआ ब्रज की विभूतियों का समागम।
ब्रज पत्रिका, आगरा। ब्रज में पैदा हुए, गिरे, फिर उठे और अपनी मेहनत और जज्बे के दम पर दुनिया में नाम रोशन किया। कुछ पद्मश्री पा चुके थे तो कुछ उसके भावी दावेदार हो सकते हैं। मसलन पूनम यादव, जिन्हें ब्रज रत्न मिला है ये साधारण नहीं बल्कि जुनूनी लोग हैं। ब्रजभाषा में यह विचार व्यक्त किए देश के केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने, जो कि केएनसीसी कन्वेंशन सेंटर में इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित ब्रज रत्न अवार्ड समारोह के सातवें अलंकरण समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए अपने उदगार व्यक्त कर रहे थे।
इससे पूर्व समारोह का उद्घाटन केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू, राज्यसभा सांसद डा. अनिल जैन, प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, न्यायमूर्ति लोकपाल सिंह, पूरन डावर, स्क्वाडर लीडर एके सिंह, राजेश गर्ग, न्यूरोफिजिशियन डॉ. नरेश शर्मा, शारदा यूनिवर्सिटी के प्रो. चांसलर वाइके गुप्ता आदि ने संयक्त रूप से किया। उद्घाटन के बाद समारोह के थीम गीत का गायन सुधीर नारायण और साथी कलाकारों किया।
विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने इस मौके पर कहा कि,
“आपने बहुत पुरस्कार पाए होंगे, पर अपनों के बीच जब पुरस्कार मिलता है, तो यह बड़ी उपलब्धि होती है। यह अवार्ड अमृत काल में दिया जा रहा है, जो कि सभी प्रतिभाशाली लोगों को अपने क्षेत्र में कुछ नया करने की प्रेरणा दे रहा है।”
60 हस्तियों का हुआ नॉमिनेशन
इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन की ओर से आयोजित सातवें संस्करण में ब्रज रत्न अवार्ड के लिए ब्रज क्षेत्र की 60 हस्तियों का नॉमिनेशन किया गया था। निर्णायक मंडल द्वारा दिए गए वोटों के आधार पर 10 अवॉर्डियों का चयन किया गया।
विश्व स्तर पर बृज की कीर्ति पताका फहराने वाली दस शख्शियतों को मिला अवार्ड
समारोह में आध्यात्म, साहित्य, खेल, अभिनय, फिल्म, नृत्य और संगीत सहित 10 विभिन्न क्षेत्रों में विश्व स्तर पर बृज की कीर्ति पताका फहरा चुके ब्रज भूमि से जुड़े सितारों को ब्रज रत्न सम्मान दिया गया। समारोह में पद्मश्री व पद्म भूषण गोपालदास नीरज को अमृत सम्मान (मरणोपरांत सम्मान) भी दिया गया। जिसे उनके पुत्र शशांक प्रभाकर ने ग्रहण किया। इसी प्रकार एयर मार्शल एके सिंह का स्वास्थ्य ठीक न होने पर उनका सम्मान बैंगलुरू से आए उनके पुत्र एमेजॉन के वाइस प्रेसिडेंट अभिनव सिंह ने स्वीकार किया। इस मौके पर अन्य दो लोगों में पत्रकार अभिषेक मेहरोत्रा और गायक चंचल उपाध्याय को विशिष्ट सम्मान से सम्मानित किया गया।
बृज की इन विभूतियों को किया बृज रत्न अवार्ड से अलंकृत
1. एयर मार्शल अवदेश कुमार सिंह (भारतीय वायु सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी)
2. पद्मश्री व पद्म भूषण गोपालदास नीरज, कवि और गीतकार (मरणोपरांत)
3. पद्मश्री अनूप जलोटा (भजन एवं गज़ल गायक)
4. पद्मश्री मोहन स्वरूप भाटिया (वरिष्ठ साहित्यकार)
5. पद्मश्री डॉ. ललित कुमार गुप्ता (चिकित्सक)
6. पद्मश्री नलिनी-कमलिनी अस्थाना (कथक नृत्यांगना)
7. पंडित बृजभूषण गोस्वामी (भारतीय शास्त्रीय संगीत गायक)
8. पूनम यादव (सदस्य, भारतीय महिला क्रिकेट टीम )
9. डिम्पी मिश्रा (रंगकर्मी एवं फिल्म अभिनेता)
10. अर्चना गुप्ता (अभिनेत्री एवं मॉडल)
इनकी उपस्थिति रही उल्लेखनीय
इस दौरान उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या निर्मला दीक्षित, अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन अशफाक सैफी, एससीएसटी आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामबाबू हरित, एसबीआई के डीजीएम राजीव कुमार मिश्रा, चीफ मैनेजर मुकेश जैन, डिप्टी मैनेजर अजय कपूर, डॉ. जयदीप मल्होत्रा, डॉ रेणुका डंग, सुरेश चंद्र गर्ग, टेक्स गुरु दीपक माहेश्वरी विशेष रूप से मौजूद रहे। वहीं अतिथियों का स्वागत आयोजन समिति की डॉ. बीना लवानिया, डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा, गोपाल गुप्ता, अनिल मगन, कुलदीप सिंह कोहली, राजेश मंगल, मोहित जैन, मयंक अग्रवाल, शकुन बंसल, राममोहन कपूर, मधुसूदन भट्ट, अजय शर्मा, बृजेश शर्मा आदि ने किया। मंच संचालन डॉ. तरुण शर्मा और गरिमा सिंह ने किया। इस मौके पर डॉ. महेश धाकड़, आदर्श नंदन गुप्त, विनीत बवानिया, हरीश चिमटी आदि मौजूद थे।
आयोजन में दिग्गज बोले
– जस्टिस लोकपाल सिंह, उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने कहा,
“ब्रज का यह प्रेम ब्रज रत्न अवार्ड मुझे आप सभी के बीच ले आया है। हीरे की परख हर किसी को नहीं होती। इस आयोजन में विभूतियों को सम्मानित किया जाना सराहनीय प्रयास है।”
– पूरन डावर, चैयरमेन, इनक्रेडेबिल इंडिया फाउंडेशन ने कहा,
“मैं उन सभी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं, जिन्हें ब्रज रत्न अवार्ड प्रदान किए गए। अब इन अवार्डियों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है, क्योंकि अपनी-अपनी प्रतिभा को उन्हें और मजबूती के साथ प्रदर्शित करना होगा।”
– स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह, चेयरमैन, एडवाइजरी बोर्ड ने कहा,
“ब्रज संस्कृति के संवर्द्धन के लिए समर्पित विभूतियों को इस आयोजन के माध्यम से ब्रज की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने की मुहिम के अंतर्गत इनक्रेडेबिल इंडिया फाउंडेशन इस आयोजन को इसी प्रकार आयोजित करता रहेगा।”
– डॉ. नरेश शर्मा, न्यूरोफिजिशियन ने कहा,
“फाउंडेशन की ओर से आयोजित सातवें संस्करण में ब्रज रत्न अवार्ड के लिए ब्रज क्षेत्र की 60 हस्तियों का नॉमिनेशन किया गया था। निर्णायक मंडल द्वारा दिए गए वोटों के आधार पर 10 अवॉर्डियों का चयन किया गया, सभी को मैं बधाई देता हूँ।”