ताज़ा ख़बरसंस्कृति

शंकर साहनी ने सुनाया “कुड़ी कुरमुरी” तो झूम उठे युवा, अपनी मास्टर क्लास में जिंदगी के कई अनछुए पहलुओं पर भी की चर्चा

शंकर साहनी की क्लास में संगीत की बारीकियों को जानकर नौजवां गायकों के चेहरे खिले, अपने हिट गीतों को सुनाकर जीते सबके दिल।

ब्रज पत्रिका, आगरा। पंजाबी पॉप सिंगर शंकर साहनी की मास्टर क्लास आज आगरा के होटल भावना क्लार्क्स इन में लगी, जो गायकी की दुनिया में करियर बनाने के ख्वाहिशमंद युवाओं के लिए बेहतरीन अवसर साबित हुई, युवाओं के चेहरे खिल उठे जब उन्होंने इस मास्टर क्लास में गायन कला की बारीकियों को जाना और पहचाना। इसके साथ ही उनसे संवाद करते हुए अपनी-अपनी जिज्ञासाओं को भी शांत किया।

इवेंट मैनेजमेंट एन्ड  फ़िल्म एसोसिएशन संस्था एवं वेडिंग एन्ड इवेंट मैनेजमेंट एसोसिएशन के संयुक्त बैनर तले आयोजित इस मास्टर क्लास में आगरा के उभरते एवं स्थापित गायकों के लिए सेलिब्रिटी पॉप सिंगर शंकर साहनी से मिलना और उनके हिट गीतों को लाइव सुनना अनूठा अनुभव रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ उद्यमी और एफमेक के अध्यक्ष पूरन डाबर थे। अध्यक्षता भारत के स्टेट मिनिस्टर ऑफ हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर प्रो. एसपी सिंह बघेल थे। विशिष्ट अतिथियों में होटल भावना क्लार्क्स इन के जनरल मैनेजर गजेंद्र सिंह और वरिष्ठ भाजपा नेता महेश वर्मा शामिल थे।

इस कार्यक्रम के संयोजक और आयोजक संस्था के अध्यक्ष फिल्म लेखक-निर्देशक सूरज तिवारी ने सेलेब्रिटी पंजाबी पॉप सिंगर शंकर साहनी से उनके अभी तक के शानदार सफर से लेकर उनकी ताजा और भावी योजनाओं पर बातचीत की। साथ ही संगीत जगत में करियर बनाने के ख्वाहिशमंद युवाओं के लिए कुछ उपयोगी टिप्स देने के लिए भी आग्रह किया। इस कार्यक्रम की खास बात यह भी रही कि प्रतिभागी युवाओं ने पंजाबी पॉप सिंगर शंकर साहनी से सीधे अपनी करियर संबंधी जिज्ञासाओं से सबंधित सवाल भी पूछे जिनके उन्होंने अपने तजुर्बे के आधार पर सार्थक जवाब भी दिए।

आगरा शहर के उभरते एवं स्थापित कलाकारों के साथ संवाद करने के बाद उन्होंने अपनी गायकी के जलवे भी बिखेरे। उन्होंने अपना हिट गीत कुड़ी कुरमुरी सुनाकर इस शाम को यादगार बना दिया। इसके अलावा उन्होंने अपने ताजा हिट भजन-ॐ त्रियंबकम यजामहे भी सुनाकर सबको झूमने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीश वर्मा ने संस्था का परिचय दिया। शंकर साहनी और सूरज तिवारी का परिचय देते हुए विषय प्रवर्तन संस्था के संरक्षक डॉ. महेश धाकड़ ने किया। धन्यवाद ज्ञापन संस्था के कोषाध्यक्ष विनय कुमार ने दिया। एंकरिंग अंशिका सक्सेना ने की। शंकर साहनी के साथ शेंकी के बैंड ने संगत की।

कार्यक्रम में आशीष अरोरा, विकास भारद्वाज, निधि सोनी, मनु कौर, हेमा शर्मा, देव कुमार, श्रेया शर्मा, गरिमा, राजेंद्र सिंह, पवन आगरी, टोनी फास्टर, मनोज कोहली, अजय शर्मा, ब्रजेश शर्मा, डॉक्टर प्रदीप कश्यप, पुरुषोत्तम मयूरा, आदर्श नंदन गुप्त, डॉक्टर अशीष त्रिपाठी, डॉक्टर रश्मि त्रिपाठी, ललिता कर्मचंदानी, रूपेश, ईशान देव, अविनाश वर्मा, परवेज़ कबीर आदि ने भाग लिया। इनके अलावा कार्यक्रम में आगरा के गायन और वादन कला के चुनिंदा स्थापित कलाकार, युवा गायक-वादक कलाकार, संस्कृतिकर्मी और समाजसेवी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *