UA-204538979-1

शीशमहल में चंद्रमा पर विराजेंगे हीरे-जवाहरात और मोती-माणिक जड़े गिरिराज जी महाराज, वन-उपवन और झूलों में लगेंगे 11 हजार किलो के 56 भोग

आगरा व आसपास के 10 हजार से अधिक भक्त-श्रद्धालु दर्शन और प्रसादी ग्रहण कर जीवन करेंगे धन्य।

श्री गिरिराज सेवक मंडल परिवार 18-19 दिसंबर को श्री कार्ष्णि आश्रम में करेगा दिव्य छप्पन भोग मनोरथ का अलौकिक आयोजन, जी होटल कमला नगर में आमंत्रण पत्र किया जारी।

ब्रज पत्रिका, आगरा। श्री गिरिराज सेवक मंडल परिवार द्वारा 18-19 दिसंबर को गोवर्धन-बड़ी परिक्रमा मार्ग स्थित श्री कार्ष्णि आश्रम में दो दिवसीय दिव्य छप्पन भोग मनोरथ का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को कमला नगर स्थित जी होटल में उक्त जानकारी देते हुए आयोजकों द्वारा जन जागरूकता की दृष्टि से महोत्सव का आमंत्रण पत्र विमोचन कर जारी किया गया।

कोलकाता-बनारस के कारीगर बनाएंगे अलौकिक महल

इस मौके पर अजय गोयल ने बताया कि,

“दिव्य छप्पन भोग मनोरथ के अंतर्गत 19 दिसंबर को हीरे, जवाहरात, मूंगा, मोती और माणिक जड़े श्री गिरिराज जी महाराज शीशमहल में तारों की छांव में चंद्रमा पर विराजमान होंगे। कोलकाता और बनारस के कारीगर देसी-विदेशी फूलों के साथ उनका आकर्षक महल तैयार करेंगे। भगवान को वन-उपवन और झूलों में 11 हजार किलो के छप्पन भोग लगाए जाएंगे। आगरा व आसपास के 10 हजार से अधिक भक्त-श्रद्धालु दिव्य छप्पन भोग की अलौकिक झाँकी के दर्शन करने के बाद प्रसादी ग्रहण कर जीवन धन्य करेंगे।”

सुरभि गाय के दूध से करेंगे गोविंदाभिषेक

मनोज गर्ग ने बताया कि, 18 दिसंबर को सुबह 9 बजे गिरिराज जी की शिला पर सुरभि गाय के थनों से निकलने वाले दूध से गोविंदाभिषेक करेंगे। दोपहर 12 बजे दुग्ध धार एवं पुष्प वर्षा के साथ हजारों श्रद्धालु सप्तकोशी परिक्रमा लगाएंगे। पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि, राम बारात मार्ग पर निकलेगी भव्य आमंत्रण यात्रा निकाली जायेगी। इसको विस्तार से बताते हुए श्याम सुंदर माहेश्वरी ने कहा कि, आगरा के भक्तों को दिव्य छप्पन भोग मनोरथ में निमंत्रण देने के लिए 10 दिसंबर को सुबह 10 बजे श्री मनकामेश्वर मंदिर से राम बरात मार्ग पर भव्य आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी।

होगी मेहंदी की रस्म

मनीष गोयल ने बताया कि दिव्य छप्पन भोग मनोरथ के लिए 15 दिसंबर को दोपहर 1 बजे कमला नगर स्थित शुभ मंगल वेंकट हॉल में श्रद्धालु भजन गाते हुए गिरिराज जी के नाम की मेहंदी लगाएंगे।

नीरज अग्रवाल के मुताबिक कैलाश मंदिर के महंत श्री गौरव गिरी जी महाराज के निर्देशन में दिव्य छप्पन भोग की तैयारियों में अजय गोयल, मनोज गर्ग, श्याम सुंदर माहेश्वरी, पवन कुमार अग्रवाल, मनीष गोयल, मनीष अग्रवाल, अतुल गोयल, मनीष बंसल, अभिषेक अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, योगेश बंसल, आरएस गुप्ता, कपिल गर्ग, उमेश कंसल, सीमा गोयल, उर्मिला माहेश्वरी, कविता अग्रवाल, स्वीटी गर्ग, रिंकल, मनीषा, सोनाली, नीलू, प्राची, प्रियंका और संगीता प्रमुख रूप से जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!