धर्म

श्री राम के राज्याभिषेक के साथ श्रीमन: कामेश्वर मंदिर में मंचित हो रही श्री रामलीला का हुआ समापन

अंत में बाबा श्री मन: कामेश्वर नाथ जी के भक्तों द्वारा सीता रसोई का आयोजन किया गया।

ब्रज पत्रिका, आगरा। श्रीमन: कामेश्वर मंदिर में मंचित हो रही श्री रामलीला में राम-भरत मिलन और श्रीराम राज्याभिषेक के साथ लीलाओं का समापन हो गया। प्रभु श्रीराम को राजगद्दी मिलते ही तीनों लोक में खुशियां मनाई गयीं। देवताओं ने पुष्प वर्षा कर मंगल कामना की। रावण वध और लंका विजय के पश्चात भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान, विभीषण, सुग्रीव, अंगद और वानर योद्धाओं के साथ पुष्पक विमान से अयोध्या पहुंचे।

अयोध्या में राम और भरत गले मिले। इस दौरान दोनों भाइयों की आंखों से अश्रु धारा बह निकली। तत्पश्चात गुरु वशिष्ठ के आदेशानुसार श्री राम को राजगद्दी दी गई। भगवान श्री राम ने राजगद्दी पर विराजमान होने से पूर्व समस्त भक्त समाज को नमन कर जन प्रतिनिधियों को संदेश दिया कि गद्दी पर बैठने से पहले प्रजा को नमन अवश्य किया करें। भगवान श्री राम को प्रथम राज तिलक गुरू वशिष्ठ स्वरूप महंत योगेश पुरी जी ने टीका लगाकर राज्याभिषेक किया। राज्याभिषेक होते ही अयोध्या में खुशी की लहर दौड़ गई। राजा श्री राम ने अतिथियों दरबारियों, शुभचिंतकों और याचकों को उपहार प्रदान किए।

इस दौरान श्री राम ने सीता जी को रत्नजड़ित माला प्रदान की, जिसे सीता जी ने उपहार स्वरूप हनुमान जी को दे दिया। हनुमान जी माला को तोड़ने लगे। यह देख दरबारियों को घोर आश्चर्य हुआ और हनुमान जी से माला छोड़ने का कारण पूछने लगे। हनुमान जी ने बताया कि माला में श्री राम का नाम खोज रहा हूँ। माला में यदि श्री राम का नाम नहीं है तो यह मेरे किस काम की है। इस पर दरबारियों ने हनुमान जी से पूछा कि क्या तुम्हारे हृदय में श्री राम जी निवास करते हैं? तो हनुमान जी ने हामी भरी और भरे दरबार में अपना सीना फाड़कर हृदय में सीता-राम जी का दर्शन करा दिया। हनुमान के हृदय में सीता-राम जी को देखकर दरबारी प्रफुल्लित हो श्री राम के जयकारे लगाने लगे।

आयोजन में पंकज खंडेलवाल (विभाग कार्यवाह, आरएसएस), बंटी ग्रोवर क्षेत्रीय महामंत्री बृज क्षेत्र अल्पसंख्यक मोर्चा, दीपक अग्रवाल (प्रांत सम्पर्क प्रमुख विहिप), निशांत सिकरवार ( महानगर सहमंत्री विहिप), अनिल वर्मा (पूर्व अध्यक्ष नेशनल चेम्बर्स), उपमा गुप्ता महानगर अध्यक्ष महिला मोर्चा भाजपा और समस्त महिला मोर्चा महानगर पदाधिकारी व महिला कार्यकर्ताओं के साथ उपस्थित थे। साथ ही धीरज जैन, अमर ग़ुब्बारे वाले एवं भाजपा श्री मन: कामेश्वर मंडल के समस्त पदाधिकारी धीरज जैन (अध्यक्ष) के साथ रवि माथुर पार्षद, बीडी शुक्ला, मुनेन्द्र जादौन आदि भी मौजूद थे।

अंत में बाबा श्री मन: कामेश्वर नाथ जी के भक्तों द्वारा सीता रसोई का आयोजन किया गया। सचिन गर्ग, मनोज (कृष्णा होटल), गोपाल शालिनी बंसल, लव गुप्ता आदि का सहयोग रहा। मठ प्रशासक हरिहर पुरी एवं श्री मन: कामेश्वर बाज़ार कमेटी के सदस्यों ने आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *