UA-204538979-1

देह शिवा बरु मोहि इहै, शुभ करमन ते कबहूं न टरों…

गुरुद्वारा नॉर्थ ईदगाह में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में दी गई शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि।

ब्रज पत्रिका, आगरा। नगर की तमाम संस्थाओं सुखमनी सेवा सभा, महिला शांति सेना, ब्रह्मकुमारीज एवं अन्य धर्म गुरुओं ने मिलकर गुरुद्वारा नॉर्थ ईदगाह में आयोजित सर्व धर्म सम्मेलन में अभी हाल ही में शहीद हुए देश के महान जांबाजों को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। सर्वप्रथम गुरबाणी शबद द्वारा शहीदों को नमन किया गया।

वीर महेंद्र पाल सिंह जी ने शबद के माध्यम से गुरु महाराज का उपदेश देते हुए कहा,

“देह शिवा बरु मोहि इहै, शुभ करमन ते कबहूं न टरों…हे प्रभु शुभ कर्म करते हुए चाहे मेरे प्राण भी निकल जाए देश धर्म की खातिर प्राण देने में भी कोई संकोच न हो, लेकिन हे प्रभु मैं पूरी जिंदगी शुभ कर्म करूँ।”

उसके पश्चात श्री मन:कामेश्वर मंदिर के महंत श्री योगेश पुरी जी ने सभी शहीदों को अपने शब्दों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए और कहा कि,

“आत्मा मरती नहीं बल्कि चलती रहती है।”

मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना उजैर आलम ने सभी शहीदों को महान नायक बताया और कहा,

“उनकी शहादत हमेशा याद रखी जाएगी।”

ईसाई समाज से फ़ादर वर्गीज, पादरी परसी सोलोमन सहित जॉन पॉल ने श्रद्धांजलि दी। बौद्ध धर्म के गुरु भंते अशोक रत्न जी ने भी अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। ब्रह्मकुमारीज की ममता बहन भी उपस्थित रहीं। उन्होंने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। महिला शांति सेना की शीला बहल और रीता कपूर ने भी शहीदों को नमन किया। सर्वधर्म प्रार्थना सभा में सभी धर्म और वर्ग के लोग उपस्थित थे। सभी ने मिलकर गुरुद्वारा साहिब के बाहर शहीदों की तस्वीरों पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

सभा का संचालन शांति दूत बंटी ग्रोवर ने किया। सर्वधर्म प्रार्थना सभा में विशेष रुप से कुलदीप सिंह, अशोक अरोड़ा, देवेंद्र पाल सिंह, हरजीत सिंह प्रिंस, बलदेव सिंह, गुरमुख व्यानी मोहित कत्याल, गुरदीप लूथरा, व्यापार मंडल के गौरव गुप्ता, आराधना संस्था की डॉ. हृदेश चौधरी व समाजसेवी सोमा सिंह आदि की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!