UA-204538979-1

सृजनात्मक लेखन के लिए लीडर्स आगरा एवं तपन ग्रुप ने लेखिका इशिका बंसल को दिया राजकुमार चंचल मेमोरियल प्रेरणास्रोत अवॉर्ड!

इशिका उत्तर प्रदेश की पहली बेटी है जिसे उल्लेखनीय साहित्य सेवा के लिए हाल ही में मुख्यमंत्री ने ₹ 50 हजार की राशि का विवेकानंद यूथ अवार्ड देकर सम्मानित किया है।

मात्र 16 वर्ष की छोटी उम्र में इशिका की अंग्रेजी कविताओं के दो संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं।

विभिन्न कवियों की अस्सी हिंदी कविताओं का अंग्रेजी में अनुवाद किया है।

इशिका शिकागो की अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अंग्रेजी पत्रिका पोलीफोलीनिट के लिए विगत चार माह से संपादक और समीक्षक की भूमिका का निर्वाह कुशलतापूर्वक कर रही हैं।

ब्रज पत्रिका, आगरा। लीडर्स आगरा एवं तपन ग्रुप द्वारा रविवार को एमडी जैन इंटर कॉलेज के शांति सागर सभागार में आयोजित नवम लीडर्स आगरा अवार्ड समारोह 2020 में ताजनगरी की ख्याति प्राप्त युवा लेखिका एवं जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा इशिका बंसल को राजकुमार चंचल मेमोरियल प्रेरणास्रोत अवार्ड प्रदान किया गया।

संस्था के संरक्षक सुरेश चंद गर्ग, अध्यक्ष डॉक्टर पार्थसारथी शर्मा, महामंत्री पूर्व पार्षद सुनील जैन, मुंबई से आए कलाकार जूनियर अमिताभ राजकुमार, डॉ बीके अग्रवाल, समाजसेवी नजीर अहमद, डॉ. ज्ञान प्रकाश गुप्ता, राहुल जैन, अवधेश अग्रवाल और आगरा विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन ने संयुक्त रुप से इशिका बंसल को अभिनंदन पत्र और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह का संचालन निशिराज और महेंद्र जैन ने किया।

मिल चुका है विवेकानंद यूथ अवार्ड

इशिका उत्तर प्रदेश की पहली बेटी है जिसे उल्लेखनीय साहित्य सेवा के लिए अभी हाल ही में मुख्यमंत्री ने ₹ 50 हजार की राशि का विवेकानंद यूथ अवार्ड देकर सम्मानित किया है। इससे पूर्व इशिका को मिशन शक्ति अभियान के तहत एक दिन के लिए हरीपर्वत थाने का इंचार्ज बनाया गया था।

मात्र 16 वर्ष की छोटी उम्र में इशिका की अंग्रेजी कविताओं के दो संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। दोनों ही पुस्तकों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इतनी सराहना मिली कि इशिका के लेखन पर समीक्षा की एक पुस्तक भी प्रकाशित हो चुकी है। समीक्षा की इस पुस्तक में देश- दुनिया के जाने माने अंग्रेजी लेखकों और संपादकों ने छोटी उम्र में व्यक्त बड़े विचारों और मानवीय सरोकारों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है।

इशिका लेखन के साथ-साथ अनुवाद में भी माहिर हैं। इन्होंने विभिन्न कवियों की अस्सी हिंदी कविताओं का अंग्रेजी में अनुवाद किया है। यह पुस्तक भी शीघ्र ही प्रकाशित होकर सबके सामने आने वाली है। इशिका शिकागो की अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अंग्रेजी पत्रिका पोलीफोलीनिट के लिए विगत चार माह से संपादक और समीक्षक की भूमिका का निर्वाह कुशलतापूर्वक कर रही हैं।

अपनी साहित्यिक और शैक्षिक उपलब्धियों के बलबूते इशिका जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल में हंड्रेड परसेंट स्कॉलरशिप लेकर विगत 2 वर्षों से निशुल्क शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। वर्तमान में वह दसवीं कक्षा की छात्रा हैं। आज इशिका हजारों युवाओं और छात्र- छात्राओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुकी हैं। आगरा के महापौर नवीन जैन, इशिका बंसल के नाम पर उसके घर के आगे की सड़क बनाए जाने की घोषणा कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!