डांस के सरताज़ में बच्चों और युवाओं ने मचाया डांस धमाल
आगरा। आरोही द्वारा अपने समर कैम्प और “डांस के सरताज़” सीजन-8 का ग्रैंड फिनाले अशोक कॉसमॉस मॉल में किया गया। जिसमें बच्चों ने कमाल की समूह और एकल नृत्य प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। इस शो के सेलेब्रिटी गेस्ट इंडियाज गॉट टैलेंट और डांस इंडिया डांस फेम डांसर संजय ढाका थे। संजय ढाका ने न सिर्फ कलाकारों की प्रतिभा को परखा बल्कि एक कलाकार की गुजारिश पर वे खुद भी डांसिंग फ्लोर पर थिरक कर मौजूद दर्शकों का दिल जीत ले गए। संजय ने कलाकारों को इस मौके पर उनकी प्रस्तुतियों की ख़ासियत और कमियों दोनों के विषय में बताते हुए उन्हें जरूरी टिप्स भी दिए। बच्चों में संजय से मिलने उनके साथ फोटो खिंचवाने और ऑटोग्राफ़ लेने का भी जबर्दस्त क्रेज दिखाई दिया। विशिष्ट अतिथियों में अशोक कॉसमॉस मॉल के मैनेजर विक्रम जैन, उद्यमी केशव अग्रवाल, फ़िल्म एक्टर सत्यव्रत मुदगल, फ़िल्म निर्देशक सूरज तिवारी, डांस कोरियोग्राफर टोनी फास्टर और वरिष्ठ पत्रकार डॉ. महेश धाकड़ शामिल थे। शुरुआत में आरोही के निदेशक अमित तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया। एंकरिंग राहुल उपाध्याय ने की।