अमेरिका में भी गूँजा ‘हेलमेट लगाओ, जीवन बचाओ’ और ‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ का नारा
समाजसेवी गोयल दंपति को न्यूयॉर्क में मिला सेवा-कार्यों के लिए सम्मान।
जीवन-रक्षा की मुहिम में आगे आकर अपनी आय में से कुछ हिस्सा वंचितों, जरूरतमंदों और समाज के हित में खर्च करें व्यापारी : पार्षद मुरारीलाल गोयल
ब्रज पत्रिका, आगरा। सेवा आगरा, विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, नेशनल चैंबर और अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन सहित तमाम सामाजिक और औद्योगिक संगठनों से जुड़कर समाज के जरूरतमंदों, वंचितों, आमजन और शहर के हित में निरंतर सेवा कार्य करने वाले आगरा के प्रमुख समाजसेवी दंपत्ति पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट वाले और उनकी धर्मपत्नी सुमन गोयल को न्यूयॉर्क में सेवा कार्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
गोयल दंपति 12 से 17 मई तक न्यूयॉर्क (अमेरिका) में कंसाई नैरोलैक पेंट द्वारा आयोजित छह दिवसीय इंटरनेशनल सेमिनार में सहभागिता करने गए थे। कंसाई नैरोलैक पेंट के इंटरनेशनल मैनेजिंग डायरेक्टर प्रवीण डी. चौधरी, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राम मल्होत्रा, वाइस प्रेसिडेंट राम नाईक और जनरल मैनेजर एस. मदान ने उनको ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर भारत और भारत के बाहर विभिन्न देशों से आए चुनिंदा 111 शीर्ष पेंट व्यापारियों को संबोधित करते हुए पार्षद मुरारीलाल गोयल पेंट वालों ने ‘हेलमेट लगाओ, जीवन बचाओ’ और ‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ का नारा बुलंद किया।
पार्षद मुरारीलाल गोयल पेंट वालों ने कहा कि,
“जीवन-रक्षा की मुहिम में आगे आकर हर व्यापारी को अपनी आय में से कुछ हिस्सा वंचितों, जरूरतमंदों और समाज के हित में खर्च करना चाहिए।”

