विश्व मंच पर पहचान बनाएंगी ब्रज की महिलाएं, आगरा में होगा मिस व मिसेज इंडिया का ग्रांड फिनाले
-एक लाख महिलाओं में से 40 प्रतिभागियों का हुआ है ग्राण्ड फिनाले के लिए चयन।
-मथुरा की भी दो महिलाओं ने ग्रांड फिनाले में बना लिया है स्थान, पूरे उत्साह और तैयारी के साथ लेंगी हिस्सा।
-ब्रज की महिलाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं, वे खुद की प्रतिभा को हर क्षेत्र में साबित करने में सक्षम-शिल्पी केशोरिया
ब्रज पत्रिका, मथुरा। महिला सशक्तिकरण के लिए आयोजित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस एंड मिसेज इंडिया का ग्राण्ड फिनाले इस बार आगरा में होने जा रहा है। इस ग्राण्ड फिनाले में ब्रज क्षेत्र की कई युवतियों व महिलाओं ने अपना स्थान बनाया है। यही वजह है कि ब्रज क्षेत्र की महिलाओं में ग्राण्ड फिनाले को लेकर जबरदस्त उत्साह है। फिनाले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। ब्रज क्षेत्र की बहू व मिसेज यूपी 2021 का खिताब हासिल कर चुकीं शिल्पी केशोरैया ने ब्रज की महिलाओं को विश्व मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने के प्रयास मथुरा से प्रारंभ किए हैं।
गुरुवार को मथुरा-वृंदावन मार्ग स्थित होटल एसकेएस ग्रांट में आयोजित पत्रकार वार्ता में बेस्ट मैकअप आर्टिस्ट व नारी शक्ति अवार्ड से सम्मानित मिसेज यूपी शिल्पी केशोरिया ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि,
“अभी तक एनसीआर, दिल्ली, मुंबई जैसे महानगरों में मिस और मिसेज ब्यूटी कॉन्टेस्ट के शो आयोजित किए जाते रहे हैं। पंरतु अब उन्होंने ब्रज क्षेत्र की युवतियों और महिलाओं को इस क्षेत्र में आगे आने के अवसर प्रदान करने की दिशा में अपने कदम बढ़ाए हैं। ब्रज की महिलाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उनको उच्च स्तरीय मंच नहीं मिल पाता है।”
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए मिसेज यूपी शिल्पी केशोरिया ने मीडिया को बताया कि,
“मिस और मिसेज जैसे मुकाबलों को लेकर यह सोच बन चुकी है, यह सिर्फ नारी की सुंदरता पर आधारित एक आयोजन या प्रतियोगिता होती है, जबकि ऐसा नहीं है। मिस और मिसेज चुनने से पहले एक महिला या युवती तो प्रत्येक क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करनी होती है। इसमें ड्रेसिंग सेंस से लेकर पर्सनल्टी डेवलपमेंट और बौद्धिक रूप से तमाम परीक्षणों से गुजरना पड़ता है। हमारी ज्यूरी यह भी देखती है कि महिला का प्रोफाइल क्या है? वो किस बैकग्राउंड से है? उसने अपनी जिंदगी में कितने संघर्ष किए हैं? इस बार हम आगरा में इसका आयोजन करने जा रहे हैं। आगरा क्योंकि ब्रज क्षेत्र में ही आता है। इसलिए इस बार हमने आगरा को चुना है। आगरा के ताज होटल कन्वेनशन में 06 अगस्त को मिस एंड मिसेज इंडिया कान्टेस्ट को हम आयोजित करने जा रहे हैं।”
पत्रकारों को मिसेज यूपी शिल्पी केशोरिया ने बताया कि,
“यह आयोजन आर्शीवाद, शिल्पी मेकअप स्टूडियो व अम्बर एडवरटाइजर्स संस्था का एक संयुक्त प्रयास है। मिस व मिसेज इंडिया के लिए देशभर से हमें एक लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। इनकी स्क्रूटनी के बाद हमारी ज्यूरी ने कुल 40 प्रतिभागियों का चयन किया है, जो आगरा में 06 अगस्त को होने वाले ग्रांड फिनाले में अपनी प्रतिभा की आभा बिखेरेंगी। इनमें 20 मिस व 20 मिसेज शिरकत रही हैं। इनमें मथुरा की भी दो प्रतिभागियों का चयन हुआ है।”
पत्रकार वार्ता में मशहूर चित्रकार पद्मश्री कृष्ण कन्हाई के अलावा मिस एंड मिसेज इंडिया सब्सटेंस की टीम के निदेशक अमित खत्री, अंशु मुदगल व मधुर शर्मा ने भी ब्रज क्षेत्र की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द हम मथुरा में भी इस तरह के आयोजन करने के लिए तैयारी कर रहे हैं, ताकि यहां की महिलाओं और युवतियों को आगे बढ़ने के लिए एक बड़ा मंच मिल सके। समाज में उनकी पहचान बन सके।