साहित्य

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित ख्याति प्राप्त युवा लेखिका इशिका बंसल को पश्चिम बंगाल से मिला प्रशंसा पत्र!

विश्व कविता दिवस पर बीते वर्ष में श्रेष्ठ रचना के लिए पोइट्स फाउंडेशन ने दिया सम्मान।

अपनी कविताओं के लिए अनेक बार सम्मानित इशिका को पहली बार गद्य लेखन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मिला पुरस्कार।

ब्रज पत्रिका, आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिष्ठित विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित ख्याति प्राप्त युवा लेखिका और जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा इशिका बंसल के साहित्यिक सफर में एक और उपलब्धि जुड़ गई है। इशिका बंसल को नामचीन राष्ट्रीय साहित्यिक संस्था पोइट्स फाउंडेशन द्वारा विश्व कविता दिवस पर विगत वर्ष-2020 में श्रेष्ठ रचना कर्म के लिए सम्मान दिया गया है।

पोएट्स फाउंडेशन के संस्थापक और पोइट्री टुडे पत्रिका के संपादक प्रदीप कुमार चौधरी (कोलकाता) ने इशिका बंसल के नाम प्रशंसा पत्र जारी करते हुए पोएट्री टुडे पत्रिका के वार्षिक अंक-2020 में इशिका बंसल के प्रकाशित आलेख “व्हाई आर पीपुल मोर क्रिएटिव इन ए क्राइसिस” को सर्वोत्तम रचना के रूप में चुने जाने की घोषणा करते हुए इशिका के सर्जनात्मक कौशल की न केवल सराहना की है बल्कि उसको भविष्य के लिए भी शुभकामनाएं दी हैं। इशिका बंसल को संस्था द्वारा सम्मान स्वरूप ₹ प्रोत्साहन राशि का चेक भी जारी किया गया है।

ताजनगरी के अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अंग्रेजी साहित्यकार और साहित्य-क्षेत्र में इशिका को शुरू से ही आगे बढ़ाने वाले राजीव खंडेलवाल ने सोमवार को जब इशिका को इस अनूठे सम्मान की फोन द्वारा सूचना दी तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

इशिका बंसल ने कहा कि,

“एक राष्ट्रीय स्तर के साहित्य समूह द्वारा किसी एक आलेख को पूरे वर्ष की सर्वश्रेष्ठ रचना चुना जाना उनके लिए बहुत बड़े सौभाग्य और प्रोत्साहन की बात है। इस सम्मान से उन्हें कविता के साथ-साथ प्रोज आर्टिकल लिखने की भी प्रेरणा मिलेगी।”

गौरतलब है कि अपनी कविताओं के लिए अनेक बार सम्मानित होने वाली इशिका को पहली बार अपने गद्य लेखन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। इशिका अपने गद्य आलेख अक्सर वर्ल्ड प्रेस पर अपने ब्लॉग ‘माय पोइटिक एंडवर्स’ पर पोस्ट करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *