स्वतंत्रता दिवस पर माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल के विद्यार्थियों ने ऑनलाइन सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं
ब्रज पत्रिका। भारत का स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के मन में देश भक्ति की भावना जागृत करता है। यह एक ऐसा आयोजन है, जब हम अपनी आजादी का आनंद मनाते हैं, और उन लोगों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करते हैं जिन्होंने हमारे लिए अपनी जान कुर्बान कर दी थी। 15 अगस्त को प्रत्येक भारतीय इसे अपने दिल के सबसे नजदीक महसूस करता है। माउंट लिट्रा जी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस सच्ची राष्ट्र भावना के साथ मनाया गया।
मुख्य अतिथि स्कूल के चेयरमैन प्रवीण बंसल थे। उन्होंने स्कूल के डायरेक्टर स्पर्श बंसल, सुरभि बंसल के साथ तिरंगा झंडा फहराया और ध्वज को सलामी दी। इस वर्ष का कार्यक्रम एकदम अलग तरह से मनाया गया। कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए सभी ने मास्क और दूरी बनाए रखने का ध्यान रखा। स्कूल का स्टाफ इसमें मौजूद रहा।
बच्चो को इसमें जोड़ने के लिए कार्यक्रम को ऑनलाइन भी किया गया था। इसमें ऑनलाइन शामिल हुए विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान गाया। ऑनलाइन कक्षा में उन्होंने सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। देशभक्ति से परिपूर्ण होकर किसी ने गायन की प्रस्तुति दी तो किसी ने नृत्य किया। शिक्षकों ने इस मौके पर विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के विषय में भी जानकारी दी। इसके अलावा देश के लिए आजादी की लड़ाई लड़ने वाले शूरवीरो की गाथा भी सुनाईं गयीं।