फ़िल्म स्टार ऐश्वर्या रॉय बच्चन और उनकी बिटिया आराध्या भी अस्पताल में भर्ती हुईं
ब्रज पत्रिका। अब ऐश्वर्या रॉय बच्चन और उनकी बिटिया आराध्या भी कोरोना के संक्रमण के बाद एक सप्ताह अपने बंगले में ही आइसोलेशन में रहने के बाद मुम्बई के अस्पताल में कोरोना के इलाज़ के लिए भर्ती की गयी हैं। सूत्रों के मुताबिक ऐश्वर्या रॉय बच्चन को चिकित्सकीय देखरेख की जरूरत महसूस की जा रही थी, जिसके चलते उनको और उनकी बेटी आराध्या को नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देश के अति विशिष्ट लोगों की जमात में भी अब कोविड-19 महामारी ने अपने पैर पसार लिए हैं। कोरोना संक्रमण के एक के बाद एक मामले खुलकर सामने आ रहे हैं।
बॉलीवुड के लोकप्रिय फ़िल्म स्टार अमिताभ बच्चन के परिवार को भी कोरोना ने अपनी गिरफ्त में लेकर सबको सकते में डाल दिया है। बॉलीवुड के मिलेनियम स्टार अमिताभ बच्चन और उनके सुपुत्र फ़िल्म स्टार अभिषेक बच्चन कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव आने के बाद नानावटी अस्पताल मुम्बई में भर्ती हैं। इसके बाद उनके परिवारीजनों के टेस्ट भी कराये गये जिनमें अमिताभ बच्चन की पुत्रवधु और फ़िल्म स्टार ऐश्वर्या रॉय बच्चन के साथ उनकी बिटिया आराध्या बच्चन भी कोरोना पॉजिटिव आयीं थीं। अभी तक वे अपने बंगले में ही आइसोलेशन में थे मगर अब उनको भी हाल ही में नानावटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हालांकि अभी उनकी स्थिति कोई गंभीर नहीं है, मगर एहतियातन उनको हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जहाँ अब दोनों का ही इलाज़ भी चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि करीब 46 वर्षीय ऐश्वर्या रॉय बच्चन तथा आठ वर्षीय आराध्या भी कोरोना टेस्ट में बीते रविवार 12 जुलाई को पॉजिटिव आयीं थीं। इससे पहले 77 वर्षीय अमिताभ बच्चन और 44 वर्षीय अभिषेक बच्चन भी कोरोना पॉजिटिव आये थे, जिसके बाद दोनों को ही नानावटी अस्पताल में इलाज़ के लिए भर्ती कराया गया था। अमिताभ बच्चन की धर्मपत्नी और फ़िल्म स्टार जया भादुड़ी बच्चन का भी कोरोना टेस्ट हुआ था, जिसमें वह नेगेटिव आयीं थीं।