UA-204538979-1

ताजनगरी आगरा के पावन गुरुद्वारों के दर्शन करवायेगी डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म ‘आ गुरुद्वारे’

ब्रज पत्रिका, आगरा
ताजनगरी मोहब्बत के लिए ही नहीं, धर्म-अध्यात्म के लिए भी एक ऐतिहासिक स्थल है। लेकिन जितना प्रचार-प्रसार ताजमहल को दुनिया भर में मिला, उससे कोसों दूर यहां के धर्मस्थल रह गए।
सामाजिक, सांस्कृतिक व धार्मिक क्षेत्र में अब तक कई उल्लेखनीय फिल्में बना चुके आगरा के लोकप्रिय फिल्मकार रंजीत सामा इसी अभाव की पूर्ति करने के लिए अब इस क्रम में सिख धर्म पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाने जा रहे हैं। बुधवार शाम एमजी रोड स्थित इंडियन बाय नेचर रेस्टोरेंट में इस फिल्म के नाम की घोषणा के साथ फिल्म का आकर्षक पोस्टर भी लांच किया गया।
स्त्री सिंह सभा, आगरा के सहयोग से आर.ए. मूवीज के बैनर तले बनने वाली इस अनूठी डॉक्यूमेंट्री फिल्म “आ-गुरुद्वारे” के बारे में उपरोक्त जानकारी फिल्म निर्माता रंजीत सामा व स्त्री सिंह सभा की अध्यक्ष श्रीमती रानी सिंह ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि आगरा वो पावन भूमि है जिससे सिख धर्म के गुरुओं का गहरा नाता रहा है। यहां के गुरुद्वारों में समय-समय पर इन महान गुरुओं के पावन चरण पड़े हैं। इनमें आगरा के ऐसे पांच ऐतिहासिक गुरुद्वारे हैं जहां गुरु नानक देव, गुरु तेग बहादुर, गुरु हरगोबिंद साहिब और गुरु गोविंद सिंह जी जैसे महान संत आए, रहे व उपदेश दिया।सह निर्माता बंटी ग्रोवर ने बताया कि आगरा किला के भीतर सिख रेजीमेंट द्वारा बनाए गए गुरुद्वारे सहित आगरा में कुल 29 गुरुद्वारे हैं। इनमें कुछ गुरुद्वारे 500 साल से भी ज्यादा प्राचीन हैं। इस फिल्म में इन सब को दिखाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिख धर्म के मान्यता प्राप्त ग्रंथों सूरज प्रकाश और पंथ प्रकाश ग्रंथ से जुटाए गए ऐतिहासिक तथ्यों के आधार पर ही फिल्म की स्क्रिप्ट लिखी गई है।
फिल्म में सुखमनी साहिब का पाठ सहित तीन मधुर गीत रहेंगे। निर्देशन हेमंत वर्मा करेंगे। पंडित दलीप ताहिर गीत-संगीत देंगे। मार्च के दूसरे सप्ताह में शूटिंग शुरू होगी। आगरा में 10-12 दिन शूटिंग चलेगी। जून माह में फिल्म को रिलीज करने की योजना है।
पोस्टर लांच सेरेमनी में सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष जीवत राम करीरा, समाजसेवी अशोक जैन (डॉक्टर सोप), फिल्म की कोऑर्डिनेटर रानी सिंह, फिल्म के निर्माता रंजीत सामा, सह निर्माता बंटी ग्रोवर तथा आरती सामा मुख्य रूप से मंच पर विराजमान रहे।
इनके अलावा गीतकार संजय दुबे, रानी स्वानी,  स्वीटी, गुरमीत गिल, मनप्रीत ग्रोवर,  शीतल गांधी, हरजोत,  बेबी खनूजा, गागन दास रामानी, प्रदीप सरीन,  उमाशंकर मिश्रा, अनिल जैन, अशोक अरोड़ा, ऋषि अरोड़ा, पल्लवी महाजन और हरीश भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि फिल्म के कार्यकारी निर्माता विजय सामा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!