UA-204538979-1

‘शहर की देवी’ सम्मान से नवाज़ी गयीं शहर की समाजसेवी महिलाएं

आगरा, ब्रज पत्रिका
सिर्फ अपने लिए तो जानवर भी जीते हैं दूसरों के लिए भी जियो तो कुछ बात है, यही पैगाम दिया आगरा की समाजसेवी महिलाओं ने विजयदशमी के दिन। समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा में जुटी महिलाओं के अलावा इनमें कुछ महिलाएं ऐसी भी थीं जिन्होंने कला और संस्कृति के लिए अपने जीवन को समर्पित कर दिया। इन्हीं महिलाओं को एक भव्य समारोह में सम्मानित किया गया ‘तड़का-94.5’ एफएम रेडियो द्वारा। इवेंट पार्टनर ब्लूबर्ड इवेंट्स प्रा. लि. कंपनी के सहयोग से आठ अक्टूबर को सायंकाल ‘शहर की देवी’ सम्मान समारोह का आयोजन वेन्यू पार्टनर होटल जेपी पैलेस के दीवान-ए-आम में किया गया। जिसमें शहर की समाजसेवी महिलाओं का सम्मान किया गया। जिनमें रेणुका डंग, नाज़िया खान, नम्रता मिश्रा एडवोकेट, अनुपमा गर्ग, प्रो. बीना शर्मा, डॉ. हृदेश चौधरी, प्रो. नीलू शर्मा, निर्मला दीक्षित, डॉ. हेमलता, प्रो. लवली शर्मा शामिल थीं। इन सम्मानित महिलाओं ने अपने-अपने जीवन के कटु और मृदु अनुभवों को भी साझा किया, अपनी सफलताभरी यात्रा का बयान करते हुए। इनमें से कुछ तो अपने अनुभवों को बताते-बताते भावुक भी हो गयीं। इन महिलाओं के समाज हित के कार्यों को सराहते हुए ही रेडियो तड़का द्वारा इनका स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि नगरायुक्त अरुण प्रकाश थे। उन्होंने अपने संबोधन में इन महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए आयोजकों के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने साथ ही इस मौके पर अपने शहर को साफ सुथरा बनाकर उसे देश के श्रेष्ठ स्मार्ट सिटी की श्रेणी में लाने के लिए प्रयास करने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा आगरा को साफ-सुथरा केवल सरकारी विभाग नहीं बना सकते उसके लिए जनता को जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने कहा जमुना पार स्थित गाँधी स्मारक की दुर्दशा की जानकारी मिलने पर उसको उन्होंने एक दिन में खुद खड़े होकर साफ करवा दिया अब उसको ठीक रखने की जिम्मेदारी जनता की भी है। विशिष्ट अतिथियों में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की पूर्व सदस्य डॉ.रोली तिवारी मिश्र, समाजसेवी डॉ.संगीता भटनागर, ग़ज़ल गायक सुधीर नारायण, सेंट एंड्रूज स्कूल के डॉ. गिरधर शर्मा, जीडी गोयनका स्कूल के पुनीत वशिष्ठ आदि शामिल थे। संचालन आरजे करिश्मा ने किया। धन्यवाद प्रोग्रामिंग हेड विनय सक्सेना ने दिया। पूजा सक्सेना आदि ने अतिथिगणों का स्वागत किया। इस इवेंट का मैनेजमेंट अरुण सक्सेना और अनुपम सक्सेना ने संभाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!