UA-204538979-1

साज़-ओ-आवाज़ के फ़नकारों ने गुलज़ार की ‘गुरुवर संगीत समारोह’ की सुरमयी शाम!

-बनारस घराने की और दिल्ली आकाशवाणी/दूरदर्शन की ए-ग्रेड शास्त्रीय संगीत गायिका डॉ. रीता देव ने अपने गायन से सभी को सम्मोहित सा कर लिया।

-आकाशवाणी आगरा के ए-ग्रेड गिटार वादक कलाकार पंडित मोहित कुमार ने वाद्ययंत्र गिटार के तारों से छेड़ी तान, तो श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए।

-कोरोना काल में दुनिया को अलविदा कह चुके आगरा के प्रसिद्ध संगीतज्ञ स्वर्गीत पंडित केशव तलेगांवकर को श्रद्धांजलि दी गयी। उनकी पत्नी प्रतिभा तलेगांवकर को भारतीय संगीतालय के प्राचार्य गजेंद्र सिंह चौहान द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

-स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रानी सरोज गोरिहार और वरिष्ठ सांस्कृतिक पत्रकार डॉ. महेश चंद्र धाकड़ को सम्मानित किया।

ब्रज पत्रिका, आगरा। भारतीय संगीतालय द्वारा गुरुवर संगीत समारोह का आयोजन पंचकुइयां स्थित माथुर वैश्य महासभा भवन के सभागार में किया गया। समारोह में कलाकारों ने शास्त्रीय संगीत के रागों का गायन कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

पंडित गोपाल लक्ष्मण गुणे द्वारा सन 1944 में स्थापित किये गये भारतीय संगीतालय द्वारा पंडित गोपाल लक्ष्मण गुणे, पंडित पुरुषोत्तम माधव पालखे और सीताराम व्यवहारे को समर्पित गुरुवार संगीत समारोह का शुभारंभ अशोक राव करमरकर, विलास पालखे और एसपी विजिलेंस (डीवीवीएनएल) बबीता साहू द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस शानदार संगीत संध्या की शुरुआत भारतीय संगीतालय के छात्र -छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना करके की गयी। संगीतालय के छात्रों द्वारा सुरों की महफ़िल में शास्त्रीय गायन की प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।

इस अवसर पर आकाशवाणी आगरा के ए-ग्रेड गिटार वादक कलाकार पंडित मोहित कुमार ने वाद्ययंत्र गिटार के तारों से छेड़ी तान, तो श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। उन्होंने राग हेमन्त में रजाखानी और मसीतखानी गत, राग पहाड़ी धुनें सुनाकर श्रोताओं को तालियां बजाने को मजबूर कर दिया। उनके साथ आगरा के पसिद्ध तबला वादक भानु प्रताप सिंह द्वारा संगत की गयी।

वहीं कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं बनारस घराने की और दिल्ली आकाशवाणी/दूरदर्शन की ए-ग्रेड शास्त्रीय संगीत गायिका डॉ. रीता देव ने अपने गायन से सभी को सम्मोहित सा कर लिया। उन्होंने राग जोगकोन्स में ख्याल, राग खमाज में ठुमरी, टप्पा और दादरा जैसी कठिन विधाओं में शास्त्रीय संगीत की एक के बाद एक प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।

डॉ. रीता देव के साथ तबले पर दिल्ली से आये तबला वादक पंडित रजनीश मिश्र ने संगत की, हारमोनियम पर आगरा के पं. रविन्द्र तलेगांवकर और तानपुरे पर अमन सहगल व सागर जग्गी ने संगत की।

इससे पहले कोरोना काल में दुनिया को अलविदा कह चुके आगरा के प्रसिद्ध संगीतज्ञ स्वर्गीत पंडित केशव तलेगांवकर को श्रद्धांजलि दी गयी।

उनकी पत्नी प्रतिभा तलेगांवकर को भारतीय संगीतालय के प्राचार्य गजेंद्र सिंह चौहान द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रानी सरोज गोरिहार और वरिष्ठ सांस्कृतिक पत्रकार डॉ. महेश चंद्र धाकड़ को सम्मानित किया गया।

संगीत समारोह की अध्यक्षता दक्षिणाचल विधुत वितरण निगम लिमिटेड की एस.पी. (विजिलेंस) बबीता साहू द्वारा की गयी। संचालन लीना परमार द्वारा किया गया। संगीत समारोह में आकाशवाणी के प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव श्रीकृष्ण, एडवोकेट विजय पाल सिंह, विजय लक्ष्मी शर्मा, लाला राम, योगेश अग्निहोत्री, ऋतु तिवारी, अनिन्दा भट्टाचार्य, डॉ. सदानन्द ब्रह्मभट्ट, ऋतु खंडेलवाल, वीना छाबरा, प्रवीण शर्मा, शुभाशीष, बिजेंद्र, रवींद्र सिंह आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!