गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सहित कई हस्तियां कोरोना पॉजिटिव, यूपी की कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण का निधन
ब्रज पत्रिका। कोरोना वायरस अब अपना कहर समूचे देश में बरपा रहा है। क्या आम और क्या खास, सभी को अपनी गिरफ्त में लेता जा रहा है।
ये निःसंदेह चिंताजनक है। अब देश के गृह मंत्री अमित शाह को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी जांच रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव आये हैं।
इससे भी बड़ी और दुःखद खबर ये है कि उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण का कोरोना से निधन हो गया है। करीब 62 वर्षीय प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण का दो अगस्त (रविवार) को निधन हो गया था। उनका लखनऊ के संजय गाँधी आयुर्विज्ञान संस्थान में इलाज़ चल रहा था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आदि ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए अपनी श्रद्धांजलि दी।
गृह मंत्री अमित शाह ने खुद इस बात की पुष्टि अपने एक ट्वीट में की है। उन्होंने कहा है, शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने जांच करवाई जो पॉजिटिव आयी है। उन्होंने पिछले बीते कुछ दिनों में उनके संपर्क में आये लोगों से भी जांच कराने और प्रथकवास में रहने की अपील की है। डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूँ। गृहमंत्री शाह को मेदांता हॉस्पिटल में इंटर्नल मेडिसिन विभाग की वरिष्ठ निदेशिका डॉ. सुशीला कटारिया की देख-रेख में रखा है।
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह के अलावा तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित भी कोरोना के हल्के लक्षण के बाद घर में ही प्रथकवास में रखा गया है। इसके अलावा कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा भी कोरोना जांच में पॉजिटिव आ चुके हैं। इन खबरों ने कोरोना के अभी भी उतने ख़तरनाक तरीके से फैलने की ओर इशारा किया है, लिहाज़ा आम-ओ-खास को बेवज़ह घरों से नहीं निकलना चाहिए। सामाजिक दूरी, मास्क और सेनेटाइजर के इस्तेमाल द्वारा इससे बचने का प्रयास का प्रयास करना चाहिए। केंद्र और प्रदेश सरकारें भी इस दिशा में मीडिया, सोशल मीडिया सहित अन्य परंपरागत प्रचार माध्यमों के जरिए देशवासियों को जागरूक कर रही हैं।