आगरा में चीनी उत्पादों का किया विरोध, अब स्वदेशी उत्पादों का ही करेंगे प्रयोग
ब्रज पत्रिका, आगरा। सांसद प्रो. एस.पी. सिंह बघेल के नेतृत्व में चीन के उत्पादों की होली जलाई गई। साथ ही यह भी तय किया गया कि चीन द्वारा बनाए गए सभी उत्पादों का बहिष्कार करेंगे। सांसद बघेल ने कहा कि अब चीन इस भूल में न रहे कि ये भारत 70 के दशक का भारत है। आज की परिस्थितियों में भारत हर स्थिति से बखूबी निपटने में सक्षम है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का एक-एक नागरिक उनके साथ है। भारत की 130 करोड़ जनता अगर आज से यह प्रण कर ले कि वो चीन के सामान का उपयोग नहीं करेंगे, तो चीन की इकोनॉमी धड़ाम से औंधे मुंह गिरेगी। उन्होंने आव्हान किया है कि सभी लोग अपने-अपने घरों के सामने चीन द्वारा निर्मित वस्तुओं की होली जलायें। कार्यक्रम के अंत में शहीद सैनिकों को भी दो मिनट का मौन धारण करके श्रद्धांजलि दी गयी। इस दौरान सांसद फतेहपुर सीकरी राज कुमार चाहर, उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री डॉ. जी. एस. धर्मेश, मेयर नवीन जैन, विधायक राम प्रताप सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष भानू महाजन, दिगम्बर सिंह धाकरे, डॉ. पार्थसारथी शर्मा, संजय शर्मा, गौरव शर्मा, नवीन गौतम, आशीष पाराशर, हेमंत प्रजापति, मनोज बघेल, भरत शर्मा, प्रभात गुप्ता आदि भी उपस्थित रहे।