ताज़ा ख़बरसमाज

गाँधी जी ने हमें दीन-दुखियों की सेवा करना सिखाया

ब्रज पत्रिका, आगरा। कुष्ठ सेवा सदन, आगरा में ‘लैप्रोसी पेशेन्ट्स वेलफेयर सोसाइटी’ के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर 30 जनवरी 2026 को ‘कुष्ठ निवारण दिवस’ के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अशोक चौबे थे। अध्यक्षता पूरन डावर, चेयरमैन, फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद ने की।

उद्घाटन मंचासीन अतिथियों एवं अध्यक्ष आदि द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं उनके समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात दो मिनट का मौन रखकर गांधी जी को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर संगीतज्ञ प्रतिभा तलेगांवकर एवं शुभ्रा तलेगांवकर द्वारा श्रीराम धुन एवं वैष्णव भजन का गायन किया गया।

इस अवसर पर पुस्तिका ‘एक सफर तिरस्कार से सत्कार तक भाग-2’ का विमोचन किया गया। सोसाइटी की सचिव डॉ. मधु भारद्वाज ने बताया कि पुस्तिका में कुष्ठ रोग के साथ-साथ अन्य रोगों से सम्बन्धित वरिष्ठ चिकित्सकों के लेखों का समावेश है, जो कि पाठकों के लिए लाभप्रद सिद्ध होंगे।

डॉ. मधु भारद्वाज ने कहा कि,

“यह बिल्डिंग 1861 की बनी हुई है, जिसमें कुष्ठ रोगियों को निःशुल्क रहने, खाने-पीने एवं दैनिक आवश्यक सामान की व्यवस्था शहर के दानदाताओं द्वारा की जाती है। यह बिल्डिंग 165 वर्ष पुरानी है, जिसमें यह सोसाइटी पिछले 49 वर्षों से कुष्ठ रोगियों के लिए सेवा कार्य कर रही है। कुष्ठ सेवा सदन कुष्ठ रोगियों के लिए घर जैसा है।”

साथ ही उन्होंने भविष्य में होने वाले कार्यक्रमों की योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

सोसाइटी के उपाध्यक्ष डॉ. ए. एस. सचान ने अतिथियों का स्वागत एवं परिचय दिया। साथ ही सोसाइटी के अतीत की भी जानकारी दी और भविष्य में इसी प्रकार कुष्ठ रोगियों की सेवा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि,

“सामाजिक कार्य हम सबके सहयोग से ही संभव हो पाते हैं।”

इस अवसर पर फोटो जर्नलिस्ट असलम सलीमी को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान एवं सेवाभाव के लिए सम्मानित किया गया।

असलम सलीमी ने कहा,

“लैप्रोसी पेशेन्ट्स वेलफेयर सोसाइटी द्वारा सम्मान पाकर मैं गौरवान्वित हूँ एवं सोसाइटी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।”

कार्यक्रम में लोपामुद्रा विद्या मन्दिर, जालमा परिसर, ताजगंज, आगरा के विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

मुख्य अतिथि अशोक चौबे ने कहा कि,

“गाँधी जी ने हमें दीन-दुखियों की सेवा करना सिखाया। दीन-दुखियों की सेवा ही गाँधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि है। हमें माता-पिता की सेवा करनी चाहिए।”

कार्यक्रम के अध्यक्ष पूरन डावर, चेयरमैन, फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद ने कहा कि,

“गाँधी जी के चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ एवं आगरावासियों से अपील करता हूँ कि कुष्ठ रोगियों की तन-मन-धन से सेवा करें।”

सह-अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. डी. वी. शर्मा, वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ ने कहा कि,

“राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के आदर्शों पर चलकर पूर्व सचिव डॉ. वेद भारद्वाज द्वारा कुष्ठ रोगियों की जो सेवा की गई, वह अतुलनीय है। कुष्ठ रोगियों की सेवा करने की प्रेरणा मुझे उनसे ही मिली।”

इस अवसर पर आयोजित विचार-गोष्ठी में डॉ. राजकमल, प्रो. उमापति दीक्षित, डॉ. डी. वी. शर्मा, सुनयन शर्मा, डॉ. महेश धाकड़, श्रीकृष्ण आदि ने अपने विचार व्यक्त किए।

काव्य-गोष्ठी में डॉ. राजेन्द्र मिलन, डॉ. सुषमा सिंह, प्रभुदत्त उपाध्याय, डॉ. यशोयश, विजया तिवारी, उमाशंकर आचार्य आदि ने काव्य-पाठ किया।

इस अवसर पर वी. के. गुप्ता, राजीव सक्सेना, डॉ. भानुप्रताप सिंह, जी. एस. मनराल, रमन देव, डॉ. ममता अरोड़ा, डॉ. नेहा मिश्रा, इन्दिरा, भावना उपाध्याय, शशिरंजन, हर्ष आर्या, विक्रम गुप्ता, प्रो. आभा चतुर्वेदी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम आयोजित कराने में कु. गरिमा भारद्वाज, शिवशंकर बघेल, रामभरोसी एवं गुल मोहम्मद का विशेष सहयोग रहा। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आर. सी. अग्रवाल द्वारा किया किया। कार्यक्रम का संचालन सचिव डॉ. मधु भारद्वाज ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!