UA-204538979-1

मुरली वाले की महफ़िल सजी है, उनकी रहमत का झूमर सजा है, तेरी महफ़िल में करुणा भरी है, मुझको महसूस ये हो रहा है…!

कृष्ण रुक्मणी विवाह की कथा झांकी और बापू के जन्मोत्सव की सतरंगी छटा ने भक्तों को किया निहाल!

भगवान कृष्ण ने समाज को नारी की प्रतिष्ठा का दिया संदेश, नारी की प्रतिष्ठा सदैव सर्वोपरि है। प्रभु ने रुक्मिणी के प्रेम को सहज स्वीकार करके उनको गौरव प्रदान किया:स्वामी चिन्मयानंद बापू

विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने जरूरतमंद 11 बच्चों को स्कूल बैग व ऊनी टोपे, 11 पुरुषों को कंबल और 11 महिलाओं को साड़ी भेंट की तो उनके चेहरों पर खुशी झलकने लगी!

ब्रज पत्रिका, आगरा। शुक्रवार शाम विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट द्वारा बल्केश्वर स्थित बल्देव धर्मशाला में आयोजित तीन दिवसीय दिव्य धर्म-महोत्सव के अंतर्गत आयोजित श्रीविद्या यज्ञ और श्री कृष्ण कथा का समापन हो गया। इसके साथ ही विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने जरूरतमंद 11 बच्चों को स्कूल बैग व ऊनी टोपे, 11 पुरुषों को कंबल और 11 महिलाओं को साड़ी भेंट करकेे प्रेरणादायक कार्य भी किया।

संत स्वामी चिन्मयानंद बापू ने इस तीन दिवसीय दिव्य धर्म-महोत्सव के समापन पर रुक्मिणी मंगल की कथा सुनाते हुए कहा,

“भगवान कृष्ण ने माता रुक्मिणी से विवाह करके दुनिया को यह संदेश दिया कि समाज में नारी की प्रतिष्ठा सदैव सर्वोपरि है। प्रभु ने रुक्मिणी के प्रेम को सहज स्वीकार करके उनको गौरव प्रदान किया।”

इस दौरान भगवान कृष्ण और रुक्मिणी के स्वरूप में पूर्विका बंसल और प्रतीक बंसल ने मन मोह लिया।

इस भजन पर सब झूम उठे-

“मुरली वाले की महफ़िल सजी है। उनकी रहमत का झूमर सजा है। तेरी महफ़िल में करुणा भरी है। मुझको महसूस ये हो रहा है…!”

कथा समापन पर पूज्य बापू का जन्मोत्सव उनके भक्तों द्वारा पुष्पोत्सव और दीप उत्सव के रूप में श्रद्धा पूर्वक धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था।

लाखों भक्तों ने लिया पुण्य लाभ

विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट द्वारा बल्केश्वर स्थित बल्देव धर्मशाला में आयोजित तीन दिवसीय दिव्य महोत्सव का तीनों दिन सीधा प्रसारण आस्था चैनल के माध्यम से किया गया। भारत सहित 252 देशों के लाखों भक्तों ने श्रीविद्या यज्ञ और श्री कृष्ण कथा का दर्शन और श्रवण कर पुण्य अर्जित किया। चैनल के माध्यम से जुड़कर उन्होंने पूज्य बापू के जन्म उत्सव में भी सहभागिता कर अपने को धन्य महसूस किया।

सेवा-सम्मान से मिली प्रसन्नता

कथा के दौरान जब विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने जरूरतमंद 11 बच्चों को स्कूल बैग व ऊनी टोपे, 11 पुरुषों को कंबल और 11 महिलाओं को साड़ी भेंट की तो उनके चेहरों पर खुशी झलकने लगी और इस सेवा कार्य को करके ट्रस्ट के पदाधिकारियों के चेहरों पर भी प्रसन्नता साफ झलक रही थी।

इस दौरान समाजसेवी व मुख्य यजमान तीरथ कुशवाह और नंदकिशोर सुगंधी जी का भी पूज्य बापू द्वारा सम्मान किया गया। बापू ने ट्रस्ट से जुड़े फिरोजाबाद के कवि डॉ. एबी चौबे की काव्य कृति का लोकार्पण भी किया। इससे पूर्व प्रातः बेला में मुख्य यज्ञाचार्य पं. कमलेश गोस्वामी ने मां पीतांबरा देवी के श्री महाविद्या यज्ञ की बापू जी और यजमानों द्वारा पूर्णाहुति करवाई। बापू ने इस दिव्य अनुष्ठान में लोकप्रिया परिवार की उल्लेखनीय भूमिका की मुक्त कंठ से सराहना की।

जताया आभार

विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी और प्रमुख समाजसेवी मुरारीलाल पेंट ने इस मौके पर सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि हरिद्वार में गुरुदेव ने दर्शन देकर ब्रज में ऐसे अनुष्ठान की प्रेरणा दी थी जिससे इस वैश्विक आपदा से ब्रजवासियों को मुक्ति मिले। आज उनकी प्रेरणा से समस्त बृजवासी इस धर्म यज्ञ का लाभ लेकर बहुत ही राहत और शांति महसूस कर रहे हैं।
श्री गोयल ने सभी धर्म प्रेमियों से अपील की कि वे अपनी आय का कुछ अंश धार्मिक व सामाजिक सरोकारों के लिए जरूर निकालें ताकि वंचितों और जरूरतमंदों की सेवा का यह सिलसिला सदैव चलता रहे।

ये रहे शामिल

मुख्य यजमान तीरथ कुशवाह, नंदकिशोर सुगंधी, दैनिक यजमान निशांत मित्तल, जागृति मित्तल, सुरेश चंद मई वाले, उमा गुप्ता और श्याम गुप्ता ने आरती उतारी।

मुख्य संरक्षक मुरारी लाल गोयल पेंट, श्रीमती सुमन गोयल, अध्यक्ष भोलानाथ अग्रवाल, केएम सिंघल, हरिओम गोयल, विजय वर्मा, ममता सिंघल, डॉ. एसपी सिंह, मनोज गुप्ता, राकेश गुप्ता, नेहा गोयल और प्रांशु गोयल भी प्रमुख रूप से शामिल रहे। संचालन मयंक वैद्य ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!