UA-204538979-1

विश्व कल्याण हेतु बलदेव धर्मशाला में बहेगी यज्ञ, कथा और समाज सेवा की त्रिवेणी!

राष्ट्रीय संत स्वामी चिन्मयानंद बापू जी करेंगे श्री कृष्ण कथा की अमृत वर्षा।

आस्था चैनल पर होगा कथा का सीधा प्रसारण, 252 देशों के लाखों भक्त होंगे लाभान्वित।

ताज नगरी में पहली बार होगा तीन दिवसीय श्री विद्या यज्ञ, कोरोना के खात्मे के लिए होगी प्रभु से प्रार्थना।

ब्रज पत्रिका, आगरा। विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के तत्वाधान में विश्व और मानव कल्याण हेतु प्रेम और सुलहकुल की ऐतिहासिक धरा ताज नगरी में दो से चार दिसंबर तक प्रतिदिन यज्ञ, कथा और समाज सेवा की त्रिवेणी प्रवाहित होगी। भारत सहित 252 देशों के लाखों भक्त लाभान्वित होंगे। रविवार दोपहर अतिथि वन में इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का आयोजकों द्वारा पोस्टर जारी किया गया।

इस मौके पर ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी, मुख्य संरक्षक व प्रमुख समाजसेवी मुरारी लाल गोयल पेंट ने पत्रकारों को बताया कि,

“बल्केश्वर स्थित बलदेव धर्मशाला में यह विशिष्ट आयोजन कोरोना की नियमावली को पूरी तरह ध्यान में रखते हुए आयोजित किया जा रहा है। आयोजन के मध्य वैश्विक आपदा कोरोना के निदान हेतु प्रभु से सामूहिक प्रार्थना भी की जाएगी।”

घर पर ही सुनें कथा

अध्यक्ष भोलानाथ अग्रवाल ने बताया कि,

“राष्ट्रीय संत स्वामी चिन्मयानंद बापू जी हर दिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक श्री कृष्ण कथा की अमृत वर्षा करेंगे। कथा का सीधा प्रसारण आस्था चैनल पर किया जाएगा। वैश्विक आपदा कोरोना को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सभी भक्तों से घर पर रहकर आस्था चैनल पर ही कथा श्रवण कर पुण्य अर्जित करने की अपील की।”

श्री विद्या यज्ञ से बरसेगी कृपा

संरक्षक सुमन गोयल ने बताया कि,

“बलदेव धर्मशाला में ही 2 से 4 दिसंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 12:00 बजे तक ताज नगरी में पहली बार श्रीविद्या यज्ञ का आयोजन होगा। इस यज्ञ से भक्तों को मां लक्ष्मी, सरस्वती और दुर्गा मां की कृपा प्राप्त होगी।”

हर दिन होंगे सामाजिक सरोकार

महासचिव हरिओम गोयल और कोषाध्यक्ष केएम सिंघल ने संयुक्त रूप से बताया कि,

“इस तीन दिवसीय विशिष्ट आयोजन में हर दिन समाज सेवा की गंगा बहेगी। इनमें पर्यावरण संरक्षण, गौ माता सेवा, कंबल वितरण, गरीब कन्या छात्रवृत्ति वितरण के साथ जीवन रक्षा के लिए मास्क, सैनिटाइजर और हेलमेट का वितरण भी जरूरतमंदों को किया जाएगा।”

मनाएंगे गुरुदेव का जन्मोत्सव

संरक्षक तीरथ कुशवाह ने बताया कि,

“4 दिसंबर को राष्ट्रीय संत पूज्य स्वामी चिन्मयानंद बापू जी का जन्म उत्सव समारोह कथा स्थल पर दीपोत्सव और पुष्पोत्सव के रूप में धूमधाम से मनाया जाएगा।”

प्रेसवार्ता में ये शख्सियत भी रहीं शामिल

प्रेसवार्ता में वरिष्ठ पत्रकार आदर्श नंदन गुप्त के अलावा समाजसेवी राकेश गुप्ता, डॉ एस पी सिंह, विजय वर्मा, सचिन अग्रवाल, निरंजन लाल मित्तल, प्रतीक बंसल, पूर्विका बंसल, ललिता मित्तल, कमलेश कुशवाह आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!