ताज़ा ख़बरफैशन

खूबसूरत मॉडल्स ने बिखेरी फैशन की सतरंगी छटा, रैंप पर मनमोहक परिधानों में कैटवॉक करते हुए दिखाया रूप-सौंदर्य

फैशन शो में दिया संदेश, नारी है महाशक्ति, नौ देवियो के रूप के भी हुए दर्शकों को इसमें दर्शन।

फैशन शो के स्पेशल सीक्वेंस में विधवा महिला के चीरहरण पर माँ काली ने दिखाया अपना रौद्र रूप।

डेस्टिनेशन वेलफेयर सोसाइटी के सतरंगी फैशन से सराबोर इस शो में छह राज्यों की मॉडल्स ने लिया हिस्सा।

ब्रज पत्रिका, आगरा। डेस्टिनेशन वेलफेयर सोसाइटी की ओर से खंदारी स्थित होटल लेमन ट्री में वाकिंग स्टिक फैशन शो का रविवार को आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि समाजसेवी मधु बघेल और संस्था की अध्यक्ष अर्चना फौजदार ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके किया।

ये रहे फैशन शो के राउंड

शो में पहला किड्स राउंड रहा, दूसरा महाशक्ति, तीसरा भारतीय परिधान, चौथा एथेनिक राउंड, पांचवा इंडो वेस्टर्न और अंतिम राउंड में शेरवानी पहन कर मॉडल्स ने सौंदर्य बिखेरा। दर्शकों ने खूबसूरत मॉडल्स द्वारा रैंप पर प्रदर्शित किए अद्भुत आउटफिट्स को बेहद पसंद किया और दिल खोलकर प्रशंसा की। कोरियोग्राफी आयुष दीक्षित ने की।

महिला सशक्तिकरण को समर्पित रन-वे फैशन शो में ‘नारी एक रूप अनेक’ के माध्यम से नारी को नौ देवियो के रूप में रैंप पर प्रदर्शित किया। एक स्पेशल सीक्वेंस ‘महाशक्ति’ में महाराष्ट्र से आयी मॉडल्स के माध्यम से विधवा महिला को बीच रोड पर अत्याचार होने पर लोगों से मदद मांगते हुए दिखाया, और जब अंत में उसका चीरहरण करके इज्जत पर हमला बोला जाता है तो विधवा महिला माँ काली का रौद्र रूप धारण कर बदमाशों का संहार करती हैं।

अध्यक्ष अर्चना फौजदार ने बताया कि,

“फैशन के जलवे बिखेरने वाली युवतियों के साथ अपने को वैवाहिक जीवन में ढाल चुकी महिलाओं ने भी रैंप पर कैटवॉक की। महिलाओ को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से और उन्हें एक मंच देने के लिए ही हर वर्ष यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। परम्परागत संगीत की धुन पर डेस्टिनेशन संस्था के मंच पर पहली बार 57 मॉडल्स एक साथ एक ही थीम पर इस शो में भाग लेती नजर आईं। नन्हे-मुन्ने बच्चो के साथ-साथ इस फैशन शो में उत्तर प्रदेश के अलावा छह राज्यों के प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया।”

शो की एंकरिंग वैष्णो त्रिपाठी व मोहित गोला ने की। धन्यवाद आयोजन सचिव राजेंद्र फौजदार ने दिया। जीनत जिशान, नीलू धाकरे, जया सिंह, सुरभि उपाध्याय, कुलदीप ठाकुर, अजय राम, अजय शर्मा, ब्रजेश शर्मा, पवन आगरी, अविनाश वर्मा, डॉ. महेश धाकड़, हर्ष राठौर, अभिनय कुमार, सत्य प्रकाश, सुनीता सारस्वत, बबीता पाठक, शिवम् फौजदार, वैभव श्रीवास्तव, अभिषेक गुप्ता, ऐश्वर्या, काजल आदि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!