UA-204538979-1

संत कबीर जयंती पर उनकी वाणी को दिए गायकों ने अपने सुमधुर स्वर

डॉ. प्रभा गुप्ता की पुस्तकों का हुआ विमोचन, दिव्यांग स्पोर्ट्समैन यश कुमार का हुआ सम्मान।

ब्रज पत्रिका, आगरा। चेतना इंडिया और साहित्य संगीत संगम आगरा के संयुक्त तत्वावधान में ‘कबीर जयंती’ के अवसर पर 4 जून 2023 को होटल ग्रांड में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि आकाशवाणी दिल्ली की वरिष्ठ समाचार वाचिका चंद्रिका जोशी थीं। अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार अरुण डंग ने की। मुख्य वक्ता कवि एवं लेखक डॉ. आर. एस. तिवारी ‘शिखरेश’ थे। वक्ताओं ने इस मौके पर संत कबीर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए अपने विचार व्यक्त किए।

मुख्य वक्ता कवि एवं लेखक डॉ. आर. एस. तिवारी ‘शिखरेश’ ने मौजूदा दौर के साहित्यकारों का आह्वान किया कि वह अपने लेखन में कबीर के बेबाकीपन और निष्पक्षता को अपनाने का प्रयास करें। मुख्य अतिथि चंद्रिका जोशी ने साहित्य और कला में ‘समर्पित भावना’ के समावेश पर बल दिया। अध्यक्षीय संबोधन में अरुण डंग ने कहा कि साहित्य, संगीत और कला एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं, इन तीनों के समन्वय से ही हमारी सांस्कृतिक चेतना का प्रवाह सशक्त बनता है।

इस अवसर पर साहित्यकार डॉ. प्रभा गुप्ता की दो कृतियों ‘बिंदु से सिंधु तक’ एवं ‘इंद्रधनुष जीवन के’ का लोकार्पण भी अतिथियों द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में उदीयमान दिव्यांग स्पोर्ट्समैन ‘यश कुमार’ का ‘चेतना इंडिया’ और ‘साहित्य संगीत संगम’ की ओर से अभिनंदन और सम्मान किया गया। जिन्होंने विगत 3 वर्षों के दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 5 स्वर्ण 3 रजत और 2 कांस्य पदक हासिल किए हैं।

समारोह में ‘साहित्य संगीत संगम’ के कला साधकों सुशील ‘सरित’ और कु. पूजा तोमर ने संत कबीर, डॉ. प्रभा गुप्ता और जीवन चंद्र पंत की रचनाओं की संगीतबद्ध प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया। उनके साथ तबले पर संगत परमानंद जी ने की। कार्यक्रम के आरंभ में चेतना इंडिया के संयोजक दुर्ग विजय सिंह ‘दीप’ ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन वरिष्ठ कवि और साहित्यकार सुशील ‘सरित’ ने किया। अंत में साहित्य संगीत संगम के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिलन ने आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!