UA-204538979-1

बृज श्री सम्मान से विभूषित होंगी साध्वी ऋतंभरा, 11 अन्य हस्तियों को मिलेगा बृज रत्न अवॉर्ड

-ताजमहल के शहर में जुटेंगे ब्रज संस्कृति के सितारे, पांच अप्रैल को होगा भव्य समारोह

-आगरा में 05 अप्रैल को होगा बृज का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

-दुनियां में बृज की कीर्ति पताका फ़ैलाने वाली 12 हस्तियों को मिलेगा सम्मान

ब्रज पत्रिका, आगरा। आध्यात्म, साहित्य, खेल, अभिनय, फिल्म निर्माण, नृत्य और संगीत सहित 12 विभिन्न क्षेत्रों में विश्व स्तर पर बृज की कीर्ति पताका फहरा चुके बृज भूमि से जुड़े सितारों का समागम 05 अप्रैल को होटल क्लार्क शिराज में सम्पन्न होगा। इन्क्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले पांचवे बृज रत्न अवार्ड समारोह में विश्वविख्यात पूज्या दीदी माँ साध्वी ऋतम्भरा को बृज श्री सम्मान से विभूषित किया जाएगा। समारोह में सम्मानित की जानी विभूतियों के नामों की घोषणा शुक्रवार को की गई।

आगरा के होटल क्लार्क शिराज में ब्रज रत्न अवॉर्ड प्राप्त करने जा रही शख्सियतों के नामों की घोषणा के बाद ब्रज रत्न की ट्रॉफी का अनावरण इन्क्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन के चेयरमैन पूरन डावर, ब्रज रत्न अवार्ड आयोजन समिति के चेयरमैन किशोर खन्ना और एडवाइजरी बोर्ड के चेयरमैन व डा. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल के चेयरपर्सन स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह, अप्सा के अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता, आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष डा. सुरेंद्र सिंह भगौर, शकुन बंसल, एपीएस ग्रुप की डा. आंचल शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।

इस मौके पर इन्क्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन के महासचिव अजय शर्मा, संयोजक बृजेश शर्मा, असलम के सैफी, मुकुल जैन, डा. अशोक शर्मा, मयंक अग्रवाल, मधुकर अरोरा, डा. राम नरेश शर्मा, रामकुमार शर्मा, दिवाकर शर्मा, आदर्श नंदन गुप्त, डा. महेश धाकड़ आदि ने आयोजन की रूप रेखा पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन रावी इवेंटस के मनीष अग्रवाल ने किया।

मुख्य अतिथि होंगी महामहिम राज्यपाल

05 अप्रैल को होटल क्लार्क शिराज में आयोजित होने जा रहे बृज रत्न अवार्ड 2020 के मौके पर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।

56 हस्तियों का हुआ था नामिनेशन

इन्क्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस अवॉर्ड के लिए ब्रज क्षेत्र की 56 हस्तियों का नॉमिनेशन किया गया था। उनके चयन में पारदर्शिता के लिए मेंबर ऑफ जूरी का गठन किया गया था। जूरी मेंबर्स द्वारा दिए गए वोटों के आधार पर अवॉर्डियों का चयन किया गया है।

साध्वी ऋतम्भरा को मिलेगा ब्रज श्री सम्मान

देश में अपने कई प्रकल्पों के माध्यम से मानवसेवा का मार्मिक संदेश देने वाली दीदी माँ साध्वी ऋतम्भरा जी को इस वर्ष बृज श्री सम्मान से विभूषित किया जाएगा । गौरतलब है कि इस शृंखला में यह सम्मान पहली बार ब्रज की किसी विभूति को दिया जा रहा है। वृन्दावन के वात्सल्य ग्राम स्थित पालना घर में दीदी मां द्वारा की जा रही हृदयस्पर्शी सेवा से पूरा देश गौरवान्वित है। दीदी माँ द्वारा मानव सेवा का जो अखंड दीप जलाया गया है, उससे संपूर्ण विश्व आलोकित हो रहा है।

बृज की इन विभूतियों को मिलेगा बृज रत्न अवॉर्ड

o पद्मश्री संत श्री रमेश बाबा जी महाराज, विश्वविख्यात गौ सेवक
o पद्मश्री प्रो. डा. उषा यादव, वरिष्ठ हिंदी साहित्यकार
o विजय सिंह चौहान, अर्जुन अवार्डी एवं आयरन मैन ऑफ़ एशिया
o रवि टंडन, भारतीय फिल्म निर्माता एवं निर्देशक
o डा. एम .सी. गुप्ता, वरिष्ठ चिकित्सक
o रीना सिंह, पूर्व कप्तान, इंडियन नेशनल कार्फ बाल टीम
o बरखा कौल, सुपर माडल, म्यूजिशियन एवं सेलेब्रिटी डीजे
o रमेश गोयल, फिल्म अभिनेता
o रश्मि शर्मा मिश्रा, विख्यात नृत्यांगना
o राशिद खान, म्यूजिक कंपोजर एवं म्यूजिक डायरेक्टर
o पवन आगरी, साहित्यकार एवं कवि

ब्रज रत्न अवार्ड के लिए चुने अवार्डियों का संक्षिप्त परिचय

साध्वी ऋतम्भरा
(आध्यात्मिक गुरु एवं राष्ट्रीय संत)

देश में अपने कई प्रकल्पों के माध्यम से मानवसेवा का मार्मिक संदेश देने वाली साध्वी ऋतम्भरा को इस वर्ष बृज श्री सम्मान से विभूषित किया जाएगा। गौरतलब है कि इस कड़ी में यह सम्मान पहली बार इंक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन द्वारा ब्रज की किसी विभूति को दिया जा रहा है। वृन्दावन के वात्सल्य ग्राम स्थित पालना घर में दीदी मां द्वारा की जा रही हृदयस्पर्शी से पूरा देश गौरवान्वित है। दीदी माँ द्वारा मानव सेवा का जो अखंड दीप जलाया है, उससे आज संपूर्ण विश्व आलोकित हो रहा है।

संत रमेश बाबा
(विश्वविख्यात वन-संरक्षक एवं गौ सेवक)

करीब 50 वर्ष से वृक्षारोपण और गौ सेवा के जरिये जीवन सार्थक बनाने वाले व ब्रज के स्वरूप को सरंक्षित-संवर्धित करने में तपस्वी की भाँति जुटे संत रमेश बाबा के वृक्षों से और गायों से इतना गहरा लगाव हुआ है कि उन्होंने जीवन पर्यन्त ब्रज नहीं छोड़ने का व्रत लिया है। उनका यह योगदान ही आज एक प्रेरक मिसाल बन चुका है। उन्हें भारत सरकार का सर्वोच्च नागरिक सम्म्मान पदमश्री सम्मान भी राष्ट्रपति के प्रतिनिधि ने उनके आश्रम में ही जाकर प्रदान किया था।

प्रो. डा. उषा यादव
(मशहूर बाल साहित्यकार और शिक्षाविद)

प्रो. डा. उषा यादव के मन ने सदैव वात्सल्य भाव शिद्दत से पहचाना, इसको कलम के जरिये मुखर किया। उनका साहित्य महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों पर भी केंद्रित हैं। अभी तक 100 से ज्यादा किताबें साहित्य की विभिन्न विधाओं में वह लिख चुकीं हैं। इनके अलावा उन्होंने ब्रज संस्कृति उन्नयन हेतु लोक साहित्य पर भी उन्होंने काफी काम किया। हाल में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री पुरुस्कार से अलंकृत करने की घोषणा की है।

विजय सिंह चौहान
(अर्जुन अवाॅर्डी खिलाड़ी व आयरन मैन ऑफ़ एशिया)

बाह में जन्मे डेकाथलान खिलाड़ी विजय सिंह चौहान ने वर्ष 1974 में तेहरान में एशियाड गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर डेकाथलान में गोल्ड मेडल हासिल किया। जिसके लिए उन्हें आयरन मैन ऑफ़ एशिया के सम्मान से नवाजा। म्यूनिख ओलंपिक्स जर्मनी में भाग लिया, साल 1973 में मनीला में एशियाई चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्हें अर्जुन अवार्ड भी मिल चुका है।

रवि टंडन
(फिल्म निर्माता और निर्देशक)

16 फरवरी 1935 को आगरा के माईथान में जन्मे बालीवुड के प्रसिद्ध फिल्म निर्माता निर्देशक रवि टंडन 1958 में मुंबई गए, साल 1960 में श्लव इन शिमलाश् फिल्म में अभिनय किया। उसके बाद बतौर निर्देशक फिल्म खेल-खेल में, अनहोनी, नजराना, मजबूर, खुद्दार और जिंदगी फिल्में निर्देशित कीं। एक मैं और एक तू, अपने रंग हजार, अनहोनी सरीखी फिल्में बनाईं। संजीव कुमार अभिनीत फिल्म अनहोनी की पटकथा भी उन्होंने लिखी।

डाॅ. एम.सी. गुप्ता
(वरिष्ठ चिकित्सक)

शहर के वरिष्ठ फिजिशियन डाॅ. एमसी गुप्ता चिकित्सा जगत में एक ऐसी शख्सियत हैं जिन्होंने अपने लगभग 50 वर्ष के सफर में सदैव मानव सेवा को प्राथमिकता पर रखा है। स्वभाव से बेहद विनम्र और मृदुभाषी डॉ. गुप्ता की काबिलियत की प्रसिद्धि दूर-दूर तक फैली हुई है। अक्सर देखा जाता रहा है लोग डाॅक्टर साहब से परामर्श के बाद बीमारी से निदान को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त नजर आते हैं। गरीब और जरूरतमंद लोगों के इलाज में आज तक उन्होंने पैसों को कभी आड़े नहीं आने दिया। एक मसीहा के रूप में डाॅक्टर साहब ने सदैव अपनी अग्रणी भूमिका अदा की है। उनके इन कृतित्वों को रेखांकित करते हुए अनेक संस्थाओं द्वारा उनको सम्मानित भी किया जा चुका है।

रीना सिंह
(भारतीय कोर्फबाॅल टीम की पूर्व कप्तान)

भारतीय कोर्फबाॅल टीम की पूर्व कप्तान रीना सिंह ने 1998 में एशिया एफ्रो चैंपियनशिप में कांस्य पदक, वर्ष 1999 में आस्ट्रेलिया में वर्ल्ड कप खेला। साल 2000 में नई दिल्ली में एशिया ओसियाना चैंपियनशिप व बेल्जियम में एशिया यूरो चैंपियनशिप में कांस्य पदक दिलाया। 2006 में भारतीय टीम की कप्तान बन हांगकांग में एशिया ओसियाना चैंपियनशिप में कांस्य पदक दिलाया था।

बरखा कौल
(सुपर माॅडल, म्यूजिशियन एवं सेलेब्रिटी डीजे)

टीवी के कई रियल्टी शो होस्ट कर चुकी बरखा कौल फैशन इंडस्ट्री में देश की टाॅप माॅडल्स के बीच शो स्टाॅपर बनकर उभरीं हैं। उनके म्यूजिक के प्रति रुझान ने उन्हें वल्र्ड फेम सेलेब्रिटी डीजे बनाया। वह स्विजरलैंड, अमेरिका, दुबई, बैंकाक सहित दुनिया के कई देशों में प्रस्तुति दे चुकी हैं। बड़े-बड़े सेलिब्रेशंस की शान बन चुकी बरखा कौल को आजतक लगभग दस बेस्ट फीमेल डीजे अवार्ड भी मिल चुके हैं।

रश्मि शर्मा मिश्रा
(लोक-शास्त्रीय नृत्यांगना)

आगरा में जन्मी बिरजू महाराज की शिष्या रश्मि शर्मा मिश्रा शास्त्रीय नृत्य सहित भंवाई, चरकुला, कालबेलिया, घूमर, लावणी लोकनृत्य की सिद्धहस्त कलाकार हैं। वर्तमान में मुंबई रह रही रश्मि ने नृत्य कला से डेनमार्क, दुबई, थाईलैंड आदि देशों में भी धूम मचाई है। फिल्म रिवाज और टीवी सीरियल कैंपस में अहम भूमिका निभाकर रश्मि ने अभिनय प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

रमेश गोयल
(फिल्म एंड टीवी एक्टर)

रमेश गोयल ने बाॅलीवुड में कड़े संघर्ष से खास स्थान बनाकार ब्रज का नाम रोशन किया। साल 1974 में पहला ब्रेक देवानन्द और हेमा मालिनी अभिनीत फिल्म ‘जानेमन’ से मिला, जिसमें अभिनय किया। रमेश गोयल ने अभिनय के दम पर लगभग 150 से अधिक फिल्मों व टीवी सीरियलों में भूमिका निभाई। जिनमें महानायक अमिताभ बच्चन की हिट फिल्म कुली, कालिया और नमक हलाल शामिल हैं।

राशिद खान
(सुप्रसिद्ध बाॅलीवुड म्यूजिक डायरेक्टर)

फिरोजाबाद में जन्मे राशिद खान ने 2012 में विक्रम भट्ट की फिल्म राज-3 से शुरुआत करके अभी तक राज-3, नौटंकी साला, हेट स्टोरी-2, करले प्यार करले, इश्केरिया, इश्क के परिंदे, शादी में जरूर आना, मुंबई सिटी, युवा, ये है लाॅलीपाॅप, रफ्तार, दीवानगी ने हद कर दी, पेइंग गेस्ट सरीखी फिल्मों में म्यूजिक डायरेक्शन कर ए ग्रेड म्यूजिक डायरेक्टर के रूप में पहचान बनाई है।

पवन आगरी
(कवि और साहित्यकार)

पवन आगरी 1500 से अधिक मंचों पर प्रस्तुति दे चुके हैं। माॅरीशस के राष्ट्रपति भवन में सम्मानित हुए। दुबई के अंतर्राष्ट्रीय मुशायरे व कवि सम्मेलन में शिरकत की। आज तक टीवी चैनल पर कुमार विश्वास के कवि सम्मेलन शो में, न्यूज 18 इंडिया चैनल पर लपेटे में नेताजी में और जी न्यूज के कवि युद्ध में त्वरित और समसामयिक विषयों पर उनको काव्य रचनाओं से खासी लोकप्रियता मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!