बिहार के सातवीं बार मुख्यमंत्री बने नीतीश कुमार, 14 मंत्रियों ने भी शपथ ली, बिहार सरकार में दो उप मुख्यमंत्री भी होंगे!
जदयू नेता नीतीश ने 14 मंत्रियों के साथ में राज भवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल फागू चौहान से पद एवं गोपनीयता की शपथ ली है।
भाजपा के तार किशोर प्रसाद और रेणु देवी ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की।
नीतीश सरकार में शपथ लेने वाले 14 नेताओं में से नौ पहली बार मंत्री बने हैं।
ब्रज पत्रिका। करीब चार दशक से बिहार की सियासत में सक्रिय रहे नीतीश कुमार ने बिहार में मुख्यमंत्री के रूप में एक बार फिर से शपथ ग्रहण कर ली है। नीतीश बिहार के ऐसे पहले मुख्यमंत्री होंगे जो सातवीं बार मुख्यमंत्री बने हैं। जदयू नेता नीतीश ने 14 मंत्रियों के साथ में राज भवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल फागू चौहान से पद एवं गोपनीयता की शपथ ली है। नीतीश के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद भाजपा के तार किशोर प्रसाद और रेणु देवी ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की।
शपथ ग्रहण समारोह करीब एक घंटा चला। मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के शपथ लेने के बाद जदयू के विजय चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, अशोक चौधरी, मेवा लाल चौधरी, शीला कुमारी, हम के नेता और जीतन राम मांझी के सुपुत्र डॉ. संतोष कुमार सुमन, वीआईपी प्रमुख मुकेश ने शपथ ली। इनके बाद भाजपा के मंगल पांडेय, अमरेंद्र प्रताप सिंह, रामप्रीत पासवान, जीवेश कुमार, राम सूरत ने शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह में गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद थे।
नीतीश सरकार में शपथ लेने वाले 14 नेताओं में से नौ पहली बार मंत्री बने हैं। भाजपा ने पांच और जदयू ने दो विधायकों को पहली बार मंत्री बनाया है। वीआईपी और हम के कोटे से बने मंत्री भी पहली बार सरकार में शामिल हुए हैं। उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद भी पहली बार मंत्रिमंडल में शामिल किए गए हैं। नई नीतीश सरकार के मंत्रियों में मिथिलांचल के नेताओं का दबदबा देखने को मिला है।
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सातवीं बार मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देते हुए केंद्र से पूरी मदद मिलने का भरोसा भी दिया है। नरेंद्र मोदी ने कहा है,
“मुख्यमंत्री की शपथ लेने के लिए नीतीश जी को बधाई, एनडीए परिवार एक साथ मिलकर बिहार के विकास के लिए काम करेगा। मैं केंद्र से हर संभव मदद का विश्वास दिलाता हूँ।”