UA-204538979-1

देशभर के कलाकारों से गुलज़ार हुआ रंगग्राम, कलाकारों ने दीं नृत्य, नाट्य और संगीतमयी प्रस्तुतियाँ

18वीं राष्ट्रीय नाट्य एवं नृत्य महोत्सव रंगोदय-2022 का रंगारंग शुभारंभ।

ब्रज पत्रिका, आगरा। रंगमंच एवं ललित कलाओं के लिए समर्पित विगत 50 वर्षों से सतत गतिशील राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संस्था संस्कार भारती नाट्य केंद्र आगरा द्वारा संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार एवं मिल्टन पब्लिक स्कूल अवधपुरी आगरा के सहयोग से कला मनीषी पदमश्री योगेंद्र जी एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रंगकर्मी पदमश्री बंसी कौल जी की स्मृति में 18वें राष्ट्रीय नाट्य एवं नृत्य महोत्सव ‘रंगोदय’ का शुभारंभ 7 अक्टूबर 2022 को किया गया।

सांयकाल मिल्टन पब्लिक स्कूल अवधपुरी स्थित ज्योति जगदीश सभागार में रंगोदय का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के कानून राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके एवं पदमश्री योगेंद्र दा एवं पदमश्री बंसी कौल के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलित करके किया। इस अवसर पर मिल्टन पब्लिक स्कूल के संस्थापक स्वर्गीय राजकुमार कुलश्रेष्ठ के चित्र पर भी माल्यार्पण किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रुप में संगीत नाटक अकादमी के मा.सदस्य रंजीत सामा, मणिपुर के वरिष्ठ रंगकर्मी डॉक्टर केबी शर्मा, डॉ. प्राची राज उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. राहुल राज ने की। संस्था के संस्थापक निदेशक केशव प्रसाद सिंह ने 18वें रंगोदय का परिचय दिया।

इस अवसर पर शिक्षा मनीषी डॉ. नीलम सिंह को नानाजी देशमुख सम्मान से नवाजा गया। डॉक्टर साधना सिंह को पदमश्री योगेंद्र दा अवार्ड से, समाजसेवी जीजी माथुर को स्वामी विवेकानंद अवार्ड से समाजसेविका मधु डाबर को भगिनी निवेदिता अवार्ड से, डॉक्टर श्रीभगवान शर्मा को कर्मयोगी स्वरूप चंद्र जैन अवार्ड से, समाजसेवी विजय गोयल को लीलाधर वर्मा अवार्ड से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर संस्कार भारती नाटय केंद्र के कलाकारों ने युवा रंगकर्मी चंद्रशेखर महावर के निर्देशन में नाटक ‘चैनल चेंज कर यार’ का यादगार मंचन किया। अनीता परिहार के निर्देशन में मिल्टन पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा शंभू लोक नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति दी। अमिता वाजपेई के निर्देशन में बाल कलाकारों ने कथक नृत्य का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन अजय दुबे एवं स्वामी दास अरोरा ने किया। व्यवस्थाएं संभाली विवेकानंद सिंह, पंकज शर्मा, रूपेश कुमार ने। कार्यक्रम में संरक्षक डॉक्टर महेश धाकड़, अध्यक्ष पंकज सक्सेना, संजय चतुर्वेदी, प्रमेन्द्र पाल सिंह, नीता तिवारी, डॉ. मनु शर्मा आदि भी मौजूद रहे।

आमंत्रण यात्रा निकाल शहरवासियों को रंगोदय में किया आमंत्रित

आगरा। दोपहर में कार्यक्रमों की शुरुआत आमंत्रण यात्रा के साथ हुआ जिसमें मिल्टन पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक शिक्षिकाओं के साथ नाट्य केंद्र के कलाकारों ने भी भाग लिया। इस आमंत्रण यात्रा का शुभारंभ संस्कार भारती नाटय केंद्र के प्रधान संरक्षक डॉ. राहुल राज, अध्यक्ष पंकज सक्सेना एवं कार्यकारी निदेशक अजय दुबे ने हरी झंडी दिखाकर किया। यह यात्रा राज रॉयल करकुंज से आरंभ होकर आवास विकास कॉलोनी ईट की मंडी पश्चिमपुरी शास्त्रीपुरम चौराहा, अवधपुरी चौराहा होती हुई मिल्टन पब्लिक स्कूल पर पहुँचकर संपन्न हुई। प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान करके संगीत नाटक अकादमी के मा.सदस्य रंजीत सामा ने सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन स्कूल के डायरेक्टर डॉ. राहुल राज ने किया। इस मौके पर मिल्टन पब्लिक स्कूल के योगेश आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!